spot_img

ताइवान में आया जलजला, भूकंप से 4 देशों की धरती डोली

HomeINTERNATIONALताइवान में आया जलजला, भूकंप से 4 देशों की धरती डोली

दिल्ली। ताइवान की राजधानी ताइपे में बुधवार सुबह जोरदार भूकंप आया। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 7.4 मापी गई है। यह भूकंप इतना शक्तिशाली था कि कई घर और गगनचुंबी इमारतें ताश के पत्तों की तरह ढेर हो गईं। समुद्र में ऊंची-ऊंची लहरें उठ रही हैं। ताइवान के फायर डिपार्टमेंट ने बताया कि भूकंप के बाद एक व्यक्ति की मौत हो गई है और 50 से अधिक घायल हो गए हैं। भूकंप से ताइवान के अलावा जापान, फिलिपींस और चीन भी प्रभावित हुए हैं। दक्षिणी जापान के कुछ हिस्सों में सुनामी की चेतावनी जारी की गई है।

यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के अनुसार, भूकंप का सेंटर ताइवान के हुलिएन शहर से 18 किलोमीटर (11 मील) दक्षिण में 34.8 किलोमीटर की गहराई पर था। जापान की मौसम विज्ञान एजेंसी ने भूकंप की तीव्रता 7.5 बताई है।

तीन मीटर ऊंची लहरें उठने की चेतावनी

एजेंसी ने कहा कि मियाकोजिमा द्वीप सहित क्षेत्र के सुदूर जापानी द्वीपों में तत्काल तीन मीटर (10 फीट) ऊंची सुनामी लहरें उठने की आशंका है। ताइवान के हुआलियन से भूकंप की कई तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं। जिनमें इमारतों को ढहते हुए देखा जा सकता है।

जापान की नेशनल मीडिया एनएचके ने भूकंप के बाद तत्काल लोगों को अपने घरों से बाहर निकलने की अपील की है। एक एंकर ने कहा कि सुनामी आ रही है। कृपया तुरंत अपना-अपना घर खाली कर दें। मत रुको। वापस मत जाओ।