spot_img

मेयर ने दिया इस्तीफा, आप पार्षदों ने थामा BJP का दामन

HomeUncategorizedमेयर ने दिया इस्तीफा, आप पार्षदों ने थामा BJP का दामन

दिल्ली। चंडीगढ़ नगर निगम में एक नया सियासी मोड़ आ गया है। दरअसल, चंडीगढ़ मेयर चुनाव में अनियमितताओं का आरोप लगाने वाली याचिका पर आज सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी है। इससे एक दिन पहले यानी रविवार को भारतीय जनता पार्टी के मनोज सोनकर ने चंडीगढ़ के मेयर पद से इस्तीफा दे दिया है।

इसकी जानकारी देते हुए चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ​​ने कहा कि मनोज सोनकर ने नगर निगम आयुक्त को अपना इस्तीफा सौंप दिया। आप पार्षदों के पाला बदलने के बाद कांग्रेस और आप गठबंधन को बड़ा झटका लगा है। दरअसल, आम आदमी पार्टी के तीन पार्षद पूनम देवी, नेहा मुसावत और गुरचरण काला ने बीजेपी का हाथ थाम लिया है।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव ने किया स्वागत

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद के साथ आप के तीनों पार्षदों का पार्टी में स्वागत किया और कहा कि पार्षदों को पूर्ण मान-सम्मान मिलेगा, उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जाएगी। जानकारी के मुताबिक तीनों पार्षद तीन दिन से बीजेपी के संपर्क में थे। तीनों ने पार्षदों ने आम आदमी पार्टी से नाखुशी का हवाला देते हुए भाजपा का हाथ थाम है।

ये है पूरा मामला

बता दें कि चंडीगढ़ मेयर का चुनाव 30 जनवरी को हुआ था। चुनाव में बीजेपी ने कांग्रेस-AAP अलायंस को झटका देते हुए मेयर सीट पर कब्जा किया था। वोटों की गिनती के दौरान बीजेपी के मनोज सोनकर को 16 वोट मिले थे, वहीं, AAP-कांग्रेस गठबंधन के कुलदीप ढालोर को 12 वोट मिले थे। जबकि प्रीसाइडिंग ऑफिसर द्वारा कुल 36 वोटों में से आठ अवैध घोषित किए गए थे। इसके बाद आम आदमी पार्टी ने चुनाव में प्रीसाइडिंग ऑफिसर अनिल मसीह पर कथित तौर पर मतपत्रों के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाया था।

इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस मामले पर सुप्रीम कोर्ट ने नाराजगी भी जताई थी। चंडीगढ़ मेयर चुनाव में धांधली मामले में आज सुप्रीम कोर्ट अपना फैसला सुनाएगा। लेकिन उससे पहले ही आप के तीन पार्षदों को बीजेपी ने अपने पाले में कर चुनाव का पूरा समीकरण ही बदल दिया है। बता दें कि चंडीगढ़ नगर निगम में कुल 35 पार्षद हैं, जबकि एक सांसद का वोट मिलकर 36 वोट डाले जाते हैं। इस तरह बहुमत का आंकड़ा 19 बैठता है। आप के तीन पार्षदों के शामिल होने के बाद BJP के पास कुल 19 वोट हो गए, जबकि AAP और कांग्रेस गठबंधन के पास 17 वोट रह गए हैं।