spot_img

राजस्थान में बैठकर सलमान के घर गोली चलाने की रची गई थी साजिश, भुज से दो शूटर गिरफ्तार

HomeNATIONALराजस्थान में बैठकर सलमान के घर गोली चलाने की रची गई थी...

मुंबई। बॉलीवुड एक्टर सलमान खान के धर के बाहर फायरिंग मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच के हाथ बड़ी सफलता लगी है। पुलिस ने फायरिंग करने वाले दोनों आरोपियों को गुजरात के भुज से दबोच लिया है। दोनों आरोपी बिहार के रहने वाले हैं। आज, मंगलवार (16 अप्रैल) को दोनों आरोपियों को मुंबई लाया जाएगा। यहां पूछताछ की जाएगी।

मुंबई क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों को भुज में माता के गढ़ के पास से गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की पहचान विकी गुप्ता (24 साल) और सागर पाल (21 साल) के रूप में हुई है। दोनों बिहार में चंपारण के रहने वाले हैं। शर्ट में सागर पाल है, जबकि टीशर्ट पहने विकी गुप्ता है।

चार राउंड की फायरिंग, एक जिंदा कारतूस भी मिला

दरअसल, रविवार, 14 अप्रैल की सुबह 5 बांद्रा पश्चिम में सलमान खान के आवास गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर चार राउंड हवाई फायरिंग की गई थी। दोनों शूटर बाइक से आए थे और फायरिंग करने के बाद फरार हो गए। पहचान छिपाने के लिए दोनों ने हेलमेट पहन रखा था। सलमान खान के आवास के बाहर दीवारों पर गोलियों के निशान मिले थे। एक गोली उनकी बालकनी के नेट को चीरते हुए भी निकल गई थी। सलमान अक्सर उसी बालकनी से अपने फैंस को वेव या ग्रीट करते हैं। जांच में वहां गोली के शेल को बरामद किया गया है। घटनास्थल पर एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया था।

राजस्थान में रची गई साजिश

मुंबई क्राइम ब्रांच के अनुसार, हमले की साजिश राजस्थान में एक महीने पहले रची गई थी। शूटरों ने सलमान के पनवेल फार्म हाउस के पास एक कमरा किराए पर लिया था। वहां रहते हुए दोनों फार्म हाउस की रेकी कर रहे थे। क्योंकि सलमान अक्सर अपने फार्म हाउस जाते रहते हैं। इसके अलावा शूटर्स ने गैलेक्सी अपार्टमेंट की भी रेकी की थी। इस हमले की जिम्मेदारी गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई ने ली है। अनमोल अमेरिका में रहता है।

सलमान की सिक्योरिटी में इजाफा

घटना के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने घटना के संबंध में सलमान से फोन पर बात की थी। शिंदे ने मुंबई पुलिस कमिश्नर से भी चर्चा की और अभिनेता की सुरक्षा बढ़ाने का निर्देश दिया। नवंबर 2022 से गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बरार की धमकियों के कारण सलमान खान की सुरक्षा का स्तर वाई-प्लस तक बढ़ा दिया गया है। खान को लाइसेंसी असलहा रखने के लिए भी अधिकृत किया गया है और सुरक्षा के लिए उन्होंने एक नया बख्तरबंद वाहन भी खरीदा है।