spot_img

पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की NDA गठबंधन में वापसी तय, साथ लड़ेंगे लोकसभा चुनाव

HomeNATIONALपूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की NDA गठबंधन में वापसी तय, साथ लड़ेंगे...

 

नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की NDA गठबंधन में वापसी लगभग तय हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर हुई महत्वपूर्ण बैठक में सीट बंटवारे के फॉर्मूले पर सहमति बन गई है। अमित शाह के आवास पर चल रही बैठक अब खत्म हो गई है।

सूत्रों के मुताबिक भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जल्द ही औपचारिक तौर पर गठबंधन का ऐलान कर सकते हैं। भाजपा आंध्र प्रदेश में चंद्रबाबू नायडू की तेलुगु देशम पार्टी और पवन कल्याण की जनसेना पार्टी के साथ मिल कर चुनाव लड़ेगी।

शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर अमित शाह, जेपी नड्डा, चंद्रबाबू नायडू और पवन कल्याण के बीच हुई बैठक में सीट बंटवारे पर सहमति हो जाने के बाद नायडू की एनडीए गठबंधन में वापसी का रास्ता भी साफ हो गया है।

बताया जा रहा है कि ये तीनों दल NDA गठबंधन के तहत लोकसभा और विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगे। इससे पहले चंद्रबाबू नायडू और पवन कल्याण ने 7 मार्च को भी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ आंध्र प्रदेश में गठबंधन और सीट बंटवारे को लेकर चर्चा की थी।

नायडू की NDA गठबंधन में वापसी को लेकर दोनों दलों के शीर्ष नेताओं के बीच कई दौर की बातचीत के बाद समझौते के फॉर्मूले पर सहमति बन पाई है। नायडू पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के पहले कार्यकाल के दौरान एनडीए गठबंधन में रह चुके हैं और उनके फिर से एनडीए में आने के बाद भाजपा को आंध्र प्रदेश में तो राजनीतिक लाभ मिलना तय ही माना जा रहा है।

लेकिन साथ ही यह भी कहा जा रहा है कि इस समझौते से बनने वाले माहौल का फायदा भाजपा को दक्षिण भारत के अन्य राज्यों में भी हो सकता है।