spot_img

Jodhpur Violence: कर्फ्यू में 12 घंटे की मिली छूट से लोगों को राहत, भीतरी शहर में खुले प्रतिष्ठान

HomeNATIONALJodhpur Violence: कर्फ्यू में 12 घंटे की मिली छूट से लोगों को...

जोधपुर। जोधपुर शहर (JODHPUR NEWS) में बीते सोमवार की रात को जालोरी गेट पर हुए दो गुटों में विवाद और अगले दिन हुई हिंसा के बाद प्रशासन ने दस थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा दिया था।

धीरे धीरे हालात सामान्य होने पर पहले दो घंटे, फिर चार घंटे और रविवार को आठ घंटों की छूट इन थाना क्षेत्रों प्रदान की गई। हालात तेजी से सुधरते देख प्रशासन ने सोमवार को कर्फ्यू में 12 घंटे की छूट प्रदान कर दी। सुबह सात से बजे के बाद भीतरी शहर में रौनक लौट आई। शाम सात बजे के बाद फिर से कर्फ्यू लागू हो जाएगा जो अगले दिन सुबह 7 बजे तक जारी रहेगा। संभावना है कि प्रशासन अब रात्रिकालीन कर्फ्यू को ही बढ़ाएगा, जो कुछ दिन और रह सकता है।

भैयाजी ये भी देखे : मुंगेली के प्रेम आर्य गोबर बेचकर बन गए लखपति

व्यापारियों के चेहरों पर छाई रौनक

दिन में 12 घंटे की छूट में भीतरी शहर में सभी प्रतिष्ठान खोल दिए गए। इससे पहले सिर्फ किराना, डेयरी और ऑप्टिकल की दुकानों को ही खोलने की इजाजत दी। लेकिन अब सभी प्रकार के प्रतिष्ठान खुल जाने से व्यापारियों के चेहरों पर रौनक छा गई। भीतरी शहर में फिर से लोगों की काफी भीड़ देखी गई। खरीददारी के लिए लोग उमड़ पड़े।

पुलिस का कड़ा पहरा

दस थाना क्षेत्रों में से उदयमंदिर का आंशिक क्षेत्र, राइका बाग, राइका बाग स्टेशन, रोडवेज को पहले ही कर्फ्यू से मुक्त रखा हुआ था। शेष भाग में भी चहलकदमी बढ़ गई। इसके अलावा सदर बाजार, नागौरी गेट, सदर कोतवाली, खांडाफलसा के साथ ही जिला पश्चिम के सूरसागर, प्रतापनगर, प्रतापनगर सदर, सरदारपुरा एवं देवनगर थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू में छूट के दौरान बाजार गुलजार नजर आए। मगर इस सबके बीच में पुलिस का पहरा भी रहा। तेजी से सुधर रहे हालात पर शहरवासी भी अब चैन की सांस ले रहे हैं।

अब तक 33 प्रकरण दर्ज, कई गिरफ्तारियां

दो दिन तक चले बवाल पर पुलिस ने 33 प्रकरण दर्ज किए हैं और 250 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया। जिनमें 200 लोगों को जमानत पर छोड़ भी दिया गया। जिला पूर्व एवं पश्चिम में अब तक 30 से ज्यादा लोगों की गिरफ्तारियां हुई है। अकेले सरदारपुरा थाना पुलिस ने 20 से ज्यादा लोगों को हिरासत के साथ रिमाण्ड पर ले रखा है। भीतरी शहर में अब पूर्णतया शांति बनी है। अभी तक कहीं से भी कोई अप्रिय घटना की जानकारी नहीं मिली है। अप्रिय घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस का जाब्ता चौराहों और गलियोंं में तैनात है।