spot_img

डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती आज, राज्यपाल उइके और मुख्यमंत्री बघेल ने दी बधाई, किया नमन…

HomeCHHATTISGARHडॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती आज, राज्यपाल उइके और मुख्यमंत्री बघेल ने...

 

रायपुर। राज्यपाल अनुसुईया उइके और प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सभी प्रदेशवासियों को डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा कि समाज के शोषित, दलित और पिछड़े वर्गों के लिए बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर ने अतुलनीय संघर्ष किया। उन्होंने भारतीय संविधान के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समाज में सबको समान अधिकार दिलाने के लिए उन्होंने अपना जीवन समर्पित कर दिया। राज्यपाल ने कहा कि हम सबको डॉ. अम्बेडकर के विचारों का अनुसरण करते हुए भेदभाव को दूर कर समतामूलक समाज की स्थापना के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए।

इधर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने संविधान निर्माता, स्वतंत्र भारत के प्रथम विधि एवं न्याय मंत्री और समाज सुधारक भारतरत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर उन्हें नमन किया है। बघेल ने बाबा साहब के अमूल्य योगदान को याद करते हुए कहा है कि बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी डॉ. अम्बेडकर भारतीय संविधान के प्रारूप समिति के अध्यक्ष थे।

उन्होंने विविधता लिए भारत देश को एक मजबूत और लोक हितैषी संविधान दिया, जिसकी नींव पर भारतीय लोकतंत्र निरंतर पल्लवित हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहब ने समाज में जातिगत भेदभाव के विरूद्ध अभियान चलाया। दलितों कोे सम्मान और अधिकार दिलाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने मजदूरों और महिलाओं के अधिकारों की भी वकालत की।

राज्य सरकार बाबा साहब के बताए मार्ग पर चल कर समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। बघेल ने कहा है कि छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में बाबा साहब के लाखों अनुयायी उनका जन्मदिन उत्साह और श्रद्धा से मनाते हैं। देश के लिए बाबा साहब का योगदान अविस्मरणीय है।