spot_img

शहीद वीर नारायण सिंह शहादत दिवस आज, राज्यपाल, सीएम ने किया नमन

HomeCHHATTISGARHशहीद वीर नारायण सिंह शहादत दिवस आज, राज्यपाल, सीएम ने किया नमन

 

रायपुर। राज्यपाल अनुसुईया उइके और प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ के महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अमर शहीद वीर नारायण सिंह के शहादत दिवस पर उन्हें नमन किया है।

राज्यपाल अनुसुईया उइके ने कहा है कि शहीद वीर नारायण सिंह प्रदेश के महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे, जिन्होंने गरीबों की भलाई और देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहूति दी थी। राज्यपाल ने कहा है कि ऐसे ही महान लोगों की बदौलत आज हम आजादी की आबोहवा में सांस ले रहे हैं। उन्होंने आह्वान किया कि हम सब उनके योगदान को याद करें और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संकल्प लें।

इधर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अमर शहीद वीरनारायण सिंह को उनके बलिदान दिवस 10 दिसम्बर पर नमन किया है। बघेल ने वीर नारायण सिंह के दीन-दुखियों और गरीबों के लिए किये गए योगदान को याद करते हुए कहा है कि वीर नारायण सिंह छत्तीसगढ़ महतारी के सच्चे सपूत थे। सन् 1856 के भयानक अकाल के दौरान गरीबों को भूख से बचाने के लिए आदिवासी जन-नायक वीर नारायण सिंह ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ कठिन संघर्ष किया।

सन् 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम आंदोलन में उन्होंने छत्तीसगढ़ की जनता में देश भक्ति का संचार किया। राज्य सरकार ने उनकी स्मृति में आदिवासी एवं पिछड़ा वर्ग में उत्थान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए शहीद वीर नारायण सिंह सम्मान स्थापित किया है।

बघेल ने कहा है कि शहीद वीर नारायण सिंह का अन्याय के खिलाफ सतत् संघर्ष, मातृभूमि के प्रति समर्पण और बलिदान को हमेशा याद किया जाएगा।