spot_img

राजधानी में पारा 47.4 डिग्री, गर्मी 57 साल के रिकॉर्ड स्तर पर

HomeNATIONALराजधानी में पारा 47.4 डिग्री, गर्मी 57 साल के रिकॉर्ड स्तर पर

दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली समेत संपूर्ण उत्तर भारत भीषण गर्मी की चपेट में है। सोमवार को नजफगढ़ देश में सबसे गर्म स्थान रहा, यहां अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़, मध्य प्रदेश, पंजाब और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में पारा 45 डिग्री से ऊपर बना हुआ है। चिलचिलाती धूप में लोगों की दैनिक जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है और उन्हें दोपहर में घरों के अंदर ही रहना पड़ा रहा है। दिल्ली में बिजली की मांग मई में रिकॉर्ड हाई 7,572 मेगावाट तक पहुंच गई।

पंजाब और दिल्ली के स्कूलों में छुट्टियां घोषित
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, हरियाणा और दिल्ली के कई स्थानों पर सोमवार भीषण लू तक के हालात देखने को मिले। मौसम विभाग (आईएमडी) ने कहा है कि राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्से, पंजाब, गुजरात और मध्य प्रदेश के अलग-अलग शहरों में अगले कुछ दिनों तक लू के हालात बने रहेंगे। भीषण गर्मी को देखते हुए दिल्ली और पंजाब के स्कूलों में छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं। दिल्ली सरकार ने सभी स्कूलों को चालू शैक्षणिक सत्र के लिए 11 मई से 30 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रखने का निर्देश जारी किया।

दिल्ली में अगले 5 दिन भीषण गर्मी का रेड अलर्ट

  • मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के लिए दिल्ली में गर्मी को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है, जिसमें राजधानी में लू से लेकर भीषण लू तक की चेतावनी दी गई है। आयानगर में अधिकतम टेम्परेचर 45.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री ज्यादा है।
  • 28 मई 1988 को दिल्ली के वेदर स्टेशन में 47.4 डिग्री सेल्सियस टेम्परेचर दर्ज किया गया था, जो 1967 और 2024 के बीच सबसे अधिक है। सफदरजंग स्टेशन ने 29 मई, 1944 को ऑलटाइम हाई टेम्परेचर 47.2 डिग्री दर्ज किया था।
  • इसके अलावा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास पालम स्टेशन में 26 मई, 1998 को मैक्सिमम टेम्परेचर 48.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ था। पालम के पास 1956 से पहले का रिकॉर्ड है।

मध्य प्रदेश और राजस्थान में गर्मी का सितम
राजस्थान के गंगानगर में पारा 46.3 डिग्री, बाड़मेर में 46.1, कोटा में 45.8, चुरू में 45.5 और बीकानेर में 44.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है। वहीं, मध्य प्रदेश में भी भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। यहां के रतलाम और नौगांव सबसे अधिक गर्म रहे। दोनों शहरों में अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री, दतिया में 45.2 डिग्री, खजुराहो और ग्वालियर में टेम्परेचर क्रमश: 44.8 और 44.7 डिग्री दर्ज हुआ।

चंडीगढ़, हरियाणा और पंजाब में कितनी गर्मी? 

  • हरियाणा और पंजाब की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में पारा 43.2 डिग्री पर पहुंच गया।
  • हरियाणा के सिरसा में अधिकतम तापमान 47.2 डिग्री दर्ज किया गया। इसके बाद नूह में 46.8, फरीदाबाद में 46.2, झज्जर में 45.9, भिवानी और नारलौल में 45.7 डिग्री टेम्परेचर रहा।
  • जबकि पंजाब के अमृतसर और लुधियाना में टेम्परेचर क्रमश: 44.5 और 43.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।