spot_img

भाजपा अध्यक्ष साव बोले, सरकार बनी तो सबसे पहले आवास के दस्तावेज़ों पर होंगे हस्ताक्षर

HomeCHHATTISGARHभाजपा अध्यक्ष साव बोले, सरकार बनी तो सबसे पहले आवास के दस्तावेज़ों...

रायपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने आज “मोर आवास मोर अधिकार” अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी द्वारा किए गए प्रदर्शन को लेकर एक पत्रकारवार्ता की। साव ने कहा कि ” भाजपा के आयोजन ने इतिहास रचा है, कांग्रेस की बहरी सरकार के समक्ष जनता ने एक ऐसा बड़ा धमाका कर दिया है, जिसकी गूंज कांग्रेस के नेताओं को हमेशा सुनाई देती रहेगी।

भैयाजी ये भी देखे : भारत के निर्यात लगातार तीन महीने से गिरावट दर्ज़, 8.8 प्रतिशत और घटा

अरुण साव ने कहा गरीबों के मकान छीनने वाली कांग्रेस सरकार ने तमाम असंवैधानिक तरीके अपनाए, जगह जगह जनता का रास्ता रोकने के लिए बड़े-बड़े प्रबंध किए, लेकिन जनता का शोषण करने वाली इस कांग्रेस सरकार के सारे प्रबंध जनता ने ध्वस्त कर दिए। यह जनता अब अपना अधिकार मांगने सड़कों पर आ चुकी है और अब कांग्रेस को विदा करके ही चैन की सांस लेगी।

उन्होंने कहा प्रधानमंत्री आवास के हितग्राहियों द्वारा किया गया यह प्रदर्शन कांग्रेस की विदाई का शंखनाद है बेहद साहस पूर्ण प्रदर्शन के लिए हम प्रधानमंत्री आवास के हितग्राहियों एवं भाजपा के कार्यकर्ताओं का कोटि-कोटि अभिनंदन करते हैं। भाजपा प्रदेश के प्रधानमंत्री आवास हितग्राहियों को यह विश्वास दिलाती है, कि कल जिस प्रकार आप अपने अधिकार के लिए इस झूठी सरकार के सामने सीना तान कर खड़े रहे।

आपको आपका अधिकार दिलाते तक भाजपा आपके साथ खड़ी रहेगी। अरुण साव ने कहा की भाजपा आपको वचन देती है कि 2023 में भाजपा की सरकार बनते ही मुख्यमंत्री जी शपथ लेने के बाद अपने आवास बाद में जाएंगे। पहले आपको प्रधानमंत्री आवास देने के दस्तावेज पर हस्ताक्षर करेंगे।

फेंके गए बम, चलाई लाठियां

अरुण साव ने कहा जिस प्रकार कांग्रेस की भूपेश सरकार ने हितग्राहियों के साथ बर्बरता की है लाठीचार्ज किया है, यहां तक कि आंसू गैस के नाम पर, बम भी फेके हैं, यह बेहद कायरता पूर्ण कदम है। कांग्रेस सरकार ने यह करके बता दिया है कि वह अब हताश और निराश हो चुकी है हजारों की भीड़ के बीच ऐसे बम फोड़े जाना कई लोगों की जान को खतरे में डाल सकता था कई पत्रकार भी इसका शिकार हुए हैं। कांग्रेस सरकार की इस बर्बरता का सभी जगह पुरजोर विरोध हो रहा है।

भाजपा कार्यकर्ताओं से डरी हुई है सरकार

भूपेश सरकार भाजपा कार्यकर्ताओं से इतना भयभीत हो गई है कि, बस्तर क्षेत्र में टारगेट किलिंग करवा रही है, धर्मांतरण का विरोध करने पर झूठे मामले बनाकर जेल में डाल रही है। भाजपा कार्यकर्ताओं पर राजनीतिक मामले होने के बावजूद जिला बदर की कार्रवाई कर रही है। कल के आंदोलन में पुलिस द्वारा आंसू गैस के नाम पर जो विस्फोटक बम फेंके गए उसमें भारतीय जनता पार्टी के बेमेतरा जिले के केशव साहू नाम का कार्यकर्ता बुरी तरह झुलस गया है और अस्पताल में इलाज करवा रहा है। भूपेश बघेल जी यह समझ ले कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता आपके इन कायरता पूर्ण हरकतों से डरने वाले नहीं हैं। और भाजपा अपने कार्यकर्ताओं के पीछे ढाल बनकर खड़ी है।

लोकतंत्र को कुचलने का कुत्सित प्रयास

भाजपा के कार्यकर्ताओं को पुनः बहुत-बहुत बधाई कि दीनदयाल जी के अंत्योदय के सिद्धांत पर चलते हुए निडर होकर अंतिम व्यक्ति को उनका हक प्रधानमंत्री आवास दिलाने के लिए आपने बड़ी संख्या में शामिल होकर आंदोलन को सफल बनाया। कल भारतीय जनता पार्टी के लोकतांत्रिक आंदोलन को कुचलने के लिए भूपेश सरकार के इशारे पर पुलिस अधिकारी ने जिस प्रकार जगह-जगह बैरीकेटिंग की, पानी की बौछार की, भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया। उनके ऊपर घातक विस्फोटक पदार्थ फेके गए। यह कांग्रेस की संस्कृति के अनुसार लोकतंत्र को कुचलने का कुत्सित प्रयास है।