spot_img

पुलिस बल के साथ सीएम का नया साल, कहा “नक्सल क्षेत्र में लोगों को हुआ भरोसा”

HomeCHHATTISGARHपुलिस बल के साथ सीएम का नया साल, कहा "नक्सल क्षेत्र में...

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजधानी रायपुर पुलिस परेड ग्राउंड में पुलिस जवानों के साथ नव वर्ष कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने छत्तीसगढ़ पुलिस और अर्धसैनिक बल के जवानों को नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुये कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य में किसानों और जवानों दोनों की जय-जयकार हो रही है।

भैयाजी ये भी देखे : बैकुंठपुर नगर पालिका में भाजपा ने मारी बाज़ी, कांग्रेस की तरफ…

पिछले दो वर्ष सभी लोग कोरोना संकट से जूझते रहे, मैं उम्मीद करता हूं कि आने वाला वर्ष सभी के लिये आरोग्यता और समृद्धि लेकर आये। उन्होंने कहा कि कड़ाके की ठंड में हमारे जवान रातभर गश्त करते हैं, तब हम सब चैन की नींद सो पाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे संतोष है कि नक्सल क्षेत्र में हमारी पुलिस बेहतरीन कार्य कर रही है। नक्सली समस्या केवल कानून-व्यवस्था का मामला नहीं है बल्कि ये राजनैतिक और सामाजिक समस्या भी है। हम नक्सलियों की मांद में जाकर कैंप खोल रहे हैं। अब नक्सलियों के हौसले पस्त होने लगे हैं। अब वहां के वनवासी पुलिस को अपना मित्र मानते हैं।

पुलिस कैंपो से बाहर निकलकर लोगों से घुल-मिल रही है। ग्रामीणों की मदद कर रही है। इसलिये वहां नागरिकों को विश्वास होने लगा है कि पुलिस उनकी सुरक्षा के लिये हैं। बस्तर का अधिकांश हिस्सा नक्सलियों से मुक्त हो चुका है। वहां सड़क, पुल, पुलिया एवं अन्य विकास कार्य होने से लोगों को आवागमन की भी सुविधा हो गयी है।

दंतेश्वरी फाईटर्स की कमांडो से की चर्चा

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कार्यक्रम में दंतेश्वरी फाईटर्स की कमांडो से उनके अनुभव भी पूछे। डीएसपी आशारानी ने बताया कि पुलिस लोगों को विश्वास में लेकर कार्य कर रही है। उनके सुख-दुख में हम साथ देते हैं। इसलिये कैंपों का लोग विरोध नहीं कर रहे हैं। अभी हाल ही में नहाड़ी गांव में कैंप खोला गया है। वहां हमने नागरिकों को पेयजल उपलब्ध हो सके इसके लिये 20 बोर कराये हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप लोगों द्वारा उनके लिये जो विकास कार्य किये जा रहे हैं, उसे नागरिक समझने लगे हैं इसलिये आपका साथ दे रहे हैं।

पुरे देश में हो रही तारीफ़

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे छत्तीसगढ़ पुलिस के जवानों की आज पूरे देश में प्रशंसा हो रही है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को अपशब्द कहने वाले को हमारी पुलिस तत्काल पकड़कर ले आयी। भारत सरकार द्वारा भी लगातार छत्तीसगढ़ पुलिस को पुरस्कार प्राप्त हो रहे हैं। अभी हाल ही में एनसीआरबी द्वारा छत्तीसगढ़ पुलिस को बेहतर कार्य के लिये देश में दूसरा स्थान मिला है।

“अभिव्यक्ति” एप किया लॉन्च

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महिला सुरक्षा हेतु छत्तीसगढ़ पुलिस के अभिव्यक्ति एप को लॉन्च किया। इस एप के जरिये महिलाएं आपात स्थिति में पुलिस की तत्काल मदद ले सकेंगी। आपात स्थिति में संकट में फंसी महिला द्वारा SOS पर क्लिक करते ही डायल 112 की टीम महिला की लोकेशन पर पहुंचकर मदद उपलब्ध करायेगी।

भैयाजी ये भी देखे : अच्छी ख़बर : छत्तीसगढ़ के 7 अस्पतालों को “नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस…

वर्तमान में ये सुविधा डायल 112 के जरिये रायपुर, राजनांदगांव, कबीरधाम, महासमुंद, दुर्ग, बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर, सरगुजा, एवं जगदलपुर में उपलब्ध है। एप के जरिये पीड़ित महिला कहीं से भी अपनी शिकायत दर्ज करा पाएंगी। एप में महिलाओं की सुरक्षा हेतु टिप्स भी उपलब्ध हैं।