spot_img

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने जननायक बिरसामुण्डा की जयंती पर उन्हें किया नमन

HomeCHHATTISGARHराज्यपाल और मुख्यमंत्री ने जननायक बिरसामुण्डा की जयंती पर उन्हें किया नमन

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुइया उइके और प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महान आदिवासी जननायक बिरसा मुंडा की जयंती पर उन्हें स्मरण कर अपनी श्रद्धांजलि दी है।

राज्यपाल अनुसुइया उइके ने बिरसा मुंडा को अपनी श्रद्धांजलि समर्पित करते हुए कहा “महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी लोकनायक बिरसा मुण्डा जी की जयंती पर सादर नमन।भगवान बिरसा मुण्डा जी ने महाविद्रोह ‘ऊलगुलान’ चलाकर तत्कालीन ब्रिटिश साम्राज्य को चुनौती दी।

उन्होंने अंग्रेजों से न केवल राजनीतिक आजादी के लिए संघर्ष किया। बल्कि आदिवासियों के सामाजिक और आर्थिक अधिकारों के लिए भी लड़ाई लड़ी। वे भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के लोक नायक के साथ-साथ समाज सुधारक भी थे।”

इधर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महान आदिवासी जननेता और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवम्बर पर उन्हें नमन किया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि अमर सेनानी बिरसा मुण्डा जननायक थे। उन्होंने आदिवासी समुदाय को जल, जंगल, जमीन के बारे में जागरूक किया और उन्हें अपने हक की लड़ाई लड़ने की प्रेरणा दी। बिरसा मुण्डा जी ने तत्कालीन ब्रिटिश साम्राज्य की नीतियों का विरोध किया और आदिवासियों के सामाजिक-आर्थिक उन्नति के लिए जीवन भर काम किया। आदिवासी समुदाय आज उन्हें भगवान की तरह पूजता है । उनके क्रांतिकारी विचार और देश प्रेम की भावना आज भी लोगों को प्रेरित करती है।