spot_img

बदायूं रेप केस : मामलें का मुख्य आरोपी पुजारी गिरफ्तार, महिला के घर में ली थी पनाह…

HomeNATIONALCRIMEबदायूं रेप केस : मामलें का मुख्य आरोपी पुजारी गिरफ्तार, महिला के...
लखनऊ। बदायूं रेप केस में मुख्य आरोपी को पुलिस ने धर दबोचा है। मामले के मुख्य आरोपी सत्य नारायण को पुलिस ने गुरुवार देर रात गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि बदायूं के उघैती में सामूहिक दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या के मामले में फरार मुख्य आरोपी पुजारी को गुरुवार की देर रात पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
गौरतलब है उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में रविवार शाम को उघैती क्षेत्र की 45 वर्षीय महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को उसी दिन गिरफ्तार कर लिया था। मामलें का मुख्य आरोपी पुजारी फरार हो गया था। जिसकी खोजबीन लगातार जारी थी।
इसी बीच पुलिस को पुजारी के मेवली गांव में छुपे होने की ख़बर मिली। जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे पकड़ने के लिए आस पास के इलाके की तगड़ी घेराबंदी कर रखी थी। मावेली के ग्रामीणों को गांव के एक महिला के घर में किसी व्यक्ति के छिपे होने की जानकारी मिली। गांव वालों ने जब घर में जाकर महिला से पूछा तो उसने मना कर दिया।
शक होने पर कुछ लोगों ने पुलिस को खबर दी थी। बदायूं रेप केस के लिए बनी एडीजी की स्पेशल टीम, एसएसपी बदायूं, उघैती थाने की पुलिस मौके पर पहुँची। इसी दौरान लोग महिला के घर में घुस गए। भीड़ को देखकर पुजारी ने भागने की कोशिश की। इसी दौरान ग्रामीणों और पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

बदांयू रेप केस…

गौरतलब है कि रविवार को उघैती क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली आंगनबाड़ी सहायिका धर्मस्थल में पूजा करने गई थीं। वहीं महंत सत्य नारायण, उसके साथी वेदराम व जसपाल ने दुष्कर्म किया। महिला के निजी अंगों को क्षतिग्रस्त किया गया था। अधिक रक्तस्राव होने से उनकी मौत हो गई थी। मंगलवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि होने के बाद मुकदमा दर्ज हुआ और बुधवार को वेदराम व जसपाल को गिरफ्तार कर लिया गया।