spot_img

दूसरे चरण में 250 दागी उम्मीदवार लड़ रहे चुनाव

HomeNATIONALदूसरे चरण में 250 दागी उम्मीदवार लड़ रहे चुनाव

दिल्ली। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में 26 अप्रैल को 12 राज्यों की 88 सीटों पर मतदान होगा। कुल 1198 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें 8 महिलाएं हैं। चुनाव आयोग ने मध्य प्रदेश के बैतूल लोकसभा सीट से बसपा के उम्मीदवार अशोक भालवी के निधन के कारण इस सीट पर मतदान स्थगित कर दिया है।

एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स और नेशनल इलेक्शन वॉच ने दूसरे चरण में चुनाव लड़ने वाले 1198 में से 1192 उम्मीदवारों के हलफनामे का विश्लेषण किया है। इसके मुताबिक 21 फीसदी यानी 250 उम्मीदवार दागी हैं। 167 पर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, 390 उम्मीदवार करोड़पति हैं। करोड़पति उम्मीदवारों की औसतन संपत्ति 5.17 करोड़ रुपए है।

भाजपा उम्मीदवार के सुरेंद्रन पर 243 मामले

एडीआर रिपोर्ट के मुताबिक, केरल में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे भाजपा उम्मीदवार के सुरेंद्रन के खिलाफ सबसे ज्सादा 243 आपराधिक मामले दर्ज हैं। जिनमें से 139 मामले गंभीर हैं। दूसरे नंबर पर भी भाजपा के उम्मीदवार डॉक्टर केएस राधाकृष्णन हैं। वे केरल की एर्नाकुलम सीट से चुनाव लड़ हैं। केएस पर 211 मामले दर्ज हैं। इनमें से 5 गंभीर आपराधिक मामले हैं। इसके बाद केरल की इडुक्की सीट से एडवोकेट डीन कुरियाकोसे का नंबर आता है। कांग्रेस उम्मीदवार कुरियाकोसे पर 88 केसेज हैं। 23 गंभीर प्रकृति के हैं।

अन्य खास बातें

  • 32 उम्मीदवारों ने अपने ऊपर दोषसिद्धि के मामले घोषित किए हैं।
  • तीन उम्मीदवारों पर हत्या से संबंधित मामले दर्ज हैं।
  • 24 उम्मीदवारों के खिलाफ हत्या के प्रयास संबंधी मामले दर्ज हैं।
  • महिलाओं के ऊपर अत्याचार से संबंधित मामले 25 उम्मीदवारों ने घोषित किए हैं। इन 25 में से एक उम्मीदवार के खिलाफ रेप केस भी है।
  • 21 उम्मीदवारों ने अपने ऊपर भड़काऊ भाषण से संबंधित मामले घोषित किए हैं।

वेंकटरामगौड़ा की संपत्ति 622 करोड़ से अधिक
1192 उम्मीदवारों में से 390 यानी 33 प्रतिशत करोड़पति उम्मीदवार हैं। कर्नाटक में मांड्या सीट से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस उम्मीदवार वेंकटरामगौड़ा (स्टार चंद्रू) की कुल संपत्ति 622 करोड़ रुपए से अधिक है। दूसरे नंबर बेंगलुरु ग्रामीण सीट से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस नेता डीके सुरेश हैं। इनके पास 573 करोड़ रुपए से अधिक की चल-अचल संपत्ति है। हालांकि इन पर 57 करोड़ से अधिक का कर्ज भी है।

तीसरे नंबर हेमा मालिनी हैं। मथुरा से भाजपा सांसद और उम्मीदवार हेमा के पास 278 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति है। खास बात यह है कि दूसरे चरण में चुनाव लड़ रहे 6 उम्मीदवारों ने अपनी संपत्ति शून्य घोषित की है।

533 उम्मीदवारों ने अपनी शैक्षिक योग्यता 5वीं से 12वीं के बीच घोषित की है। जबकि 574 उम्मीदवार ग्रेजुएट हैं। 37 कैंडिडेट डिप्लोमाधारक हैं। जबकि 37 उम्मीदवार साक्षर और 8 उम्मीदवार निरक्षर हैं।

इन दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर

  • वायनाड: केरल की वायनाड सीट से मौजूदा सांसद राहुल गांधी दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं। उनका मुकाबला सीपीआई की एनी राजा और एनडीए उम्मीदवार के सुरेंद्रन से है।
  • तिरुवनंतपुरम: कांग्रेस सांसद शशि थरूर का मुकाबला केंद्रीय मंत्री और भाजपा उम्मीदवार राजीव चंद्रशेखर से है। लेफ्ट से यहां पनियन रवींद्रन भी मैदान में हैं।
  • अमरावती: महाराष्ट्र की अमरावती सीट खास है। यहां से मौजूदा सांसद नवनीत राणा इस बार भाजपा के टिकट पर हैं। उनका मुकाबला बी वानखेड़े से है।
  • कोटा: राजस्थान की कोटा सीट से लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला मैदान में हैं। उनकी टक्कर कांग्रेस के प्रह्लाद गुंजल से होनी है।
  • गौतमबुद्धनगर: उत्तर प्रदेश की गौतमबुद्धनगर सीट से सांसद महेश शर्मा एक बार फिर भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। उनके खिलाफ सपा ने महेंद्र सिंह नागर और बसपा ने राजेंद्र सिंह सोलंकी को उतारा है।
  • मथुरा: अभिनेत्री हेमा मालिनी लगातार तीसरी बार जीत की आस लगाए बैठी हैं। उन्हें रोकने के लिए कांग्रेस ने मुकेश ढांगर को उतारा है।
  • मेरठ: टीवी सीरियल रामायण के राम अरुण गोविल भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं।
  • धारवाड़: कर्नाटक की धारवाड़ सीट पर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी उतरे हैं। उनकी टक्कर दिंग्लेश्वर स्वामी से होगी। स्वामी निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं।