spot_img

जंगलों में खुदाई, मिट्टी के टीलों के नीचे दबा मिला 2000 साल पुराना शहर

HomeINTERNATIONALजंगलों में खुदाई, मिट्टी के टीलों के नीचे दबा मिला 2000 साल...

क्विटो। अमेजन के जंगलों में पुरातत्वविदों ने प्राचीन शहर खोजा है। इसे दो हजार साल पुराना बताया जा रहा है। इक्वाडोर में लेजर सेंसर टेक्नोलॉजी से एंडीज की तलहटी में सदियों से मिट्टी के टीलों के नीचे दबे इस शहर का पता चला। माना जा रहा है कि सड़कों, बाजार, खेत और नहरों वाले इस शहर की ज्यादातर आबादी किसान थी।

फ्रांस के नेशनल सेंटर फॉर साइंटिफिक रिसर्च के प्रमुख शोधकर्ता एंटोनी डोरिसन के मुताबिक इस शहर की आबादी संभवत: 15 से 30 हजार रही होगी। यह रोमन-युग के लंदन की अनुमानित आबादी के बराबर है।

डोरिसन का कहना है कि खुदाई के दौरान हुई यह खोज उस बहस को खत्म करने के लिए काफी है, जिसमें पूछा जाता है कि प्राचीन अमेजन रहने लायक था या नहीं? पिछले 20 साल के दौरान खोजे गए पिरामिड और मिट्टी से जुड़े सबूत भी दिखाते हैं कि यहां कभी लोग रहते थे। ये लोग 300 से 600 ईसा पूर्व के बीच रहस्यमय तरीके से गायब हो गए।

सड़कें 33 फीट चौड़ी और 19 किमी लंबी

मिट्टी के टीलों की खुदाई में कई रेजिडेंशियल और सेरेमोनियल स्ट्रक्चर्स मिले। कुछ सड़कें 33 फीट तक चौड़ी हैं। इनकी लंबाई 10 से 19 किलोमीटर है। सड़कों के पास जल निकासी की नालियां हैं। कई सड़कें बिल्कुल सीधी हैं।

दूसरी आबादी बसी

पुरातत्वविदों का कहना है कि इस प्राचीन शहर की आबादी लुप्त होने के 200 साल बाद हुआपुला सभ्यता से जुड़े लोग यहां आए। जब तक यूरोपीय यहां पहुंचे, शहर का ज्यादातर हिस्सा जंगल बन चुका था। पुरातत्वविदों ने करीब 20 साल पहले इस क्षेत्र में मिट्टी के टीले देखे थे। तब उन्हें यकीन नहीं था कि यहां प्राचीन शहर दबा हो सकता है।