spot_img

पंजाब में भाजपा को मिला “कैप्टन” पार्टी समेत हुए शामिल…कांग्रेस पर साधा निशाना

HomeNATIONALपंजाब में भाजपा को मिला "कैप्टन" पार्टी समेत हुए शामिल...कांग्रेस पर साधा...

नई दिल्ली। पंजाब में लंबे समय तक कांग्रेस के मुख्यमंत्री रह चुके अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस के नेतृत्व वाली पिछली यूपीए सरकार के कार्यकाल के दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि तत्कालीन सरकार के रक्षा मंत्री ए के एंटनी ने पूरे कार्यकाल के दौरान सेना के तीनों अंगों के लिए एक भी हथियार की खरीद नहीं की, जबकि चीन और पाकिस्तान की तरफ से बढ़ रहे खतरे के मद्देनजर यह उस समय बहुत जरूरी था।

भैयाजी ये भी देखें : भाजपा अध्यक्ष साव ने CM को लिखी चिट्ठी, 1 नवंबर से…

सोमवार को भाजपा में शामिल होने और अपनी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस का भाजपा में विलय करने के बाद अमरिंदर ने पंजाब की चिंताजनक हालात और राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर अपनी पुरानी पार्टी कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वो 52 साल से राजनीति में हैं।

पंजाब सीमावर्ती राज्य है, जहां पाकिस्तानी ड्रोन का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। राज्य में अराजकता फैलाने के लिए ड्रोन के जरिए ड्रग्स, हथियार और पैसा भेजा जा रहा है और यह हमारी सीमा के 42-43 किमी तक अंदर आ रहा है।

राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत कर रही भाजपा

अमरिंदर सिंह ने आगे कहा कि भाजपा ही एक ऐसी राजनीतिक पार्टी है जो राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत कर रही है और इसलिए उन्होंने अपनी पार्टी का विलय भाजपा में करने का फैसला किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के प्रति आभार भी जताया।

अमरिंदर सिंह के साथ-साथ पंजाब के कई पूर्व विधायकों और पूर्व लोक सभा सांसद ने भी भाजपा की सदस्यता ली। अमरिंदर सिंह के बेटे रण इंदर सिंह, बेटी जय इंदर कौर और नाती निर्वाण सिंह भी सोमवार को भाजपा में शामिल हो गए। कांग्रेस से लोक सभा सांसद और अपनी पत्नी परनीत कौर के भाजपा में शामिल होने के बारे में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए अमरिंदर सिंह ने कहा कि यह जरूरी नहीं है कि जो काम हसबैंड करे वही काम वाइफ भी करे।

पंजाब में भाजपा को मिलेगी मज़बूती

केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने अमरिंदर सिंह और उनके नेताओं का भाजपा में स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस के मुख्यमंत्री होने के बावजूद अमरिंदर सिंह ने राष्ट्रीय सुरक्षा को हमेशा पार्टी के राजनीतिक हितों से ऊपर रखा और यही उनकी सबसे बड़ी खूबी रही है।

भैयाजी ये भी देखें : भारत ऑस्ट्रेलिया की भिड़ंत, T20 World Cup से पहले बेहतर प्लेइंग इलेवन खोजने का मौका

दोनों मंत्रियों ने यह दावा किया कि अमरिंदर सिंह के भाजपा में शामिल होने से भाजपा की ताकत पंजाब में और ज्यादा बढ़ेगी और मजबूत होगी। साथ ही पंजाब की सुरक्षा एवं राष्ट्र की सुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी। भाजपा में शामिल होने के बाद अमरिंदर सिंह ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात भी की।