spot_img

शार्प 10 बजे दफ्तर पहुँचे कलेक्टर, सौ मिले गैरहाजिर..नोटिस जारी

HomeCHHATTISGARHBILASPURशार्प 10 बजे दफ्तर पहुँचे कलेक्टर, सौ मिले गैरहाजिर..नोटिस जारी

 

जांजगीर। शासकीय कार्यालयों में अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति समय पर सुनिश्चित करने कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने यहाँ आते ही बैठक लेकर सभी को निर्देशित किया था।  उनके निर्देश पर सयुंक्त कलेक्टर निशा नेताम मंडावी और एसडीएम जांजगीर नंदिनी कमलेश साहू, पामगढ़ बी एस मरकाम, तहसीलदार डभरा, चाम्पा, शिवरीनारायण, सक्ती ने शासकीय कार्यालयों में आकस्मिक निरीक्षण किया तो अनेक अधिकारी-कर्मचारी कार्यालयीन समय पर भी दफ्तर नहीं पहुँचे थे। कुल 101 अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित पाये गये। सभी को नोटिस जारी कर वेतन काटने की कार्यवाही की जा रही है।

कलेक्टर सिन्हा ने आखिरकार अपने दिए गए अल्टीमेटम पर अमल करना शुरू कर दिया है। वे प्रातः10 बजे ऑफिस पहुँचे। उन्होंने जिला कार्यालय से संयुक्त कलेक्टर और एसडीएम को निर्देशित किया कि अपने क्षेत्र के शासकीय कार्यालय में जाकर उपस्थिति की तत्काल जाँच करें और जो भी अनुपस्थित है, उनको कारण बताओं नोटिस जारी कर वेतन काटने की कार्यवाही करें।

आगे भी जारी रहेगी कार्यवाही: कलेक्टर

कलेक्टर सिन्हा जिले में शासकीय अधिकारियों की उपस्थिति मुख्यालय में सुनिश्चित करने के निर्देश लगातार दे रहे हैं। उन्होंने फील्ड के स्टाफ को भी मुख्यालय और कार्यालयों में रहने के निर्देश दिया हुआ है। इसी कड़ी में अब उन्होंने शासकीय कार्यालयों में अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने जाँच के निर्देश दिए हैं।

वे स्वयं भी समय पर अपने दफ्तर पहुँच रहे हैं और आने वाले दिनों में आकस्मिक निरीक्षण करने निकलेंगे। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे शासन द्वारा निर्धारित कार्यालयीन समय तक अनिवार्य रूप से कार्यालय में उपस्थित होकर शासकीय कामकाज करें। सोमवार को कार्यालय उपस्थिति के अलावा अन्य दिनों में आवश्यकता अनुसार फील्ड में भी कार्य करें।

कलेक्टर ने कहा है कि आने वाले दिनों में भी यह कार्यवाही लगातार जारी रहेगी। मुख्यालय से बाहर आना-जाना नहीं चलेगा। स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र, आंगनबाड़ी सहित सभी कार्यालयों में आकस्मिक निरीक्षण सुबह और शाम को किया जाएगा। अनुपस्थिति पर वेतन काटने के साथ विभागीय कार्यवाही भी सुनिश्चित की जाएगी।