spot_img

राज्य में पहुंची ढाई लाख वैक्सीन, सभी केंद्रों में होगा टीकाकरण

HomeCHHATTISGARHराज्य में पहुंची ढाई लाख वैक्सीन, सभी केंद्रों में होगा टीकाकरण

रायपुर। राज्य में बुधवार को 2.49 लाख कोविशील्ड वैक्सीन पहुंची। दोपहर विशेष विमान से माना एयरपोर्ट पहुंचने के बाद राज्य वैक्सीन भंडार गृह में लाया गया। इसके बाद वैक्सीन को सभी जिलों में विरतण कर दिया गया है। राज्य टीकाकरण अधिकारी वीआर भगत ने बताया कि वैक्सीन की कमी के चलते टीकाकरण अभियान प्रभावित रहा। यह गुरुवार से फिर से शुरू हो जाएगा। राज्य में 4 हजार से अधिक टीकाकरण केंद्र हैं, जिसमें से रायपुर में ही 215 केंद्र शामिल हैं, जहां टीकाकरण होगा।

जिन्होंने अब तक टीका नहीं लगवाया है, वे कोविन पोर्टल में पंजीयन कराकर टीका लगवा सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक अब तक 1.2 करोड़ लोगों टीका लगाया जा चुका है। इसमें स्वास्थ्य कर्मियों को 3.8 लाख पहली डोज, 2.40 लाख दूसरी डोज, 3.15 लाख फ्रंट लाइन वर्कर्स को पहली डोज, 2.14 लाख दूसरी डोज, 45 से अधिक आयु वर्ग लोगों में 48.11 लाख को पहली डोज, 12.30 लाख को दूसरी डोज लगी हैं।

वहीं 18 से 44 आयु वर्ग के 30.74 लाख लोगों को पहली डोज और 81 हजार लोगों को दूसरी डोज लगाई गई है। राज्य में अब तक हुए कुल वैक्सीनेशन में 85.10 लाख लोगों को पहली डोज व 17.65 लाख लोगों को दूसरी डोज लगाई गई है। बताते चलें कि अभी फिलहाल कोरोना महामारी से बचने का एक ही तरीका है कि सभी लोगों को वैक्सीन लग जाए।

हालांकि, वैक्सीन के दोनों डोज लग जाने के बाद भी कोरोना को लेकर जारी किए गए दिशा निर्देशों का पालन करना ही होगा। जैसे दो गज की शारीरिक दूरी, मास्क लगाना और हाथों को सैनेटाइज करते रहना।