spot_img

पार्षद ने कोविड सेंटर इंचार्ज डॉक्टर से किया गाली-गलौच, FIR दर्ज

HomeCHHATTISGARHBASTARपार्षद ने कोविड सेंटर इंचार्ज डॉक्टर से किया गाली-गलौच, FIR दर्ज

जगदलपुर : जिले के धरमपुरा स्थित कोविड केयर सेंटर में डॉक्टर के साथ गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी देने वाले कांग्रेसी पार्षद विक्रम सिंह डांगी के विरूद्ध जगदलपुर पुलिस ने एफआईआर दर्ज किया है। पुलिस जांच के बाद कार्रवाई करने की बात कह रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कांग्रेस पार्षद विक्रम सिंह डांगी का कोविड सेंटर के इंचार्ज डॉक्टर के साथ गाली-गलौच का वीडियो गुरुवार रात को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। पार्षद डांगी ने पहले तो अपने वार्ड के कोरोना मरीजों को सेंटर में लाने पर आपत्ति जताई, इसके बाद सेंटर में मरीजों के साथ कुछ लडक़े छेडख़ानी करने का आरोप लगाने लगा।

इस बात की जानकारी लेकर डॉक्टर ने जांच करने की बात कही तो अचानक पार्षद भडक़ गए और डॉक्टर से गाली-गलौच करते हुए कहने लगे कि सरकार हमारी है, और मैं सभापति हूं। इस घटनाक्रम के बाद डॉ. योगेश शर्मा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर विक्रम सिंह डांगी के अलावा तीन अन्य के विरूद्ध धारा 186, 294, 34, 353 और 506 भादंस के तहत एफआईआर दर्ज किया है।

इधर पार्षद विक्रम सिंह डांगी से जब मामले में चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि यहां कोविड वार्ड में चार महिला मरीज भर्ती हैं, ये सभी महिलाएं दंतेश्वरी वार्ड की है। इन महिलाओं से वहां का कोई स्टाफ छेड़छाड़ कर रहा था। महिलाओं की शिकायत के बाद मैं मौके पर पहुंचा था, इसी दौरान डॉक्टरों ने बदतमिजी शुरू कर दी।