नीमच। मनासा में एक बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या (MURDER) कर दी गई। वायरल वीडियो में आरोपी बुजुर्ग को मुस्लिम बताकर उनकी पहचान के लिए आधार कार्ड मांगते नजर आ रहा है। घटना 19 मई की शाम की है।
शव मिलने के बाद बुजुर्ग की शिनाख्त भंवरलाल पिता शांतिलाल चत्तर जैन (65) के रूप में हुई, जो जावरा के रहने वाले थे। शुक्रवार को बुजुर्ग का शव मिलने के बाद वीडियो वायरल हो गया। शनिवार को मारपीट करने वाले के साथ-साथ वीडियो बनाने वाले व अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी पूर्व पार्षद पति दिनेश कुशवाह को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की है। उसे कोर्ट में पेशकर रिमांड पर लिया जाएगा। हालांकि कई आरोपी अभी पकड़े नहीं गए हैं, लेकिन पुलिस ने घर गिराने की तैयारी कर ली है।
भैयाजी ये भी देखें : पाकिस्तान भेजी सेना की गोपनीय सूचनाएं, जवान गिरफ्तार
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने सरकार से सवाल किया कि प्रदेश में ये क्या हो रहा है? सिवनी में आदिवासियों की पीट-पीटकर हत्या, गुना, महू, मंडला की घटनाएं और अब नीमच के मनासा में एक बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या (MURDER) कर दी गई। उन्होंने ट्वीट किया कि यहां भी आरोपी का जुड़ाव भाजपा से सामने आ रहा है। कानून व्यवस्था आखिर कहां है। कब तक लोगों को यूं ही मारा जाता रहेगा। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद क्यों है। सरकार का ध्यान तो सिर्फ इवेंट में है। वीडियो ट्वीट करते हुए कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा है कि मुझे जानकारी मिली है कि भाजपा के दिनेश कुशवाह के विरुद्ध धारा 302 के तहत केस दर्ज किया गया है। देखते हैं गिरफ्तारी होती है या नहीं। वहीं, पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने भी घटनाक्रम पर ट्वीट कर गृहमंत्री पर निशाना साधा।
भाजपा पदाधिकारी नहीं
भाजपा जिलाध्यक्ष पवन पाटीदार का कहना है कि बुर्जुग के साथ मारपीट का वीडियो वायरल (MURDER) हुआ है। इसमें मनासा के दिनेश कुशवाह हैं, जिनकी पत्नी बीना कुशवाह पूर्व पार्षद हैं। भाजपा में दिनेश कुशवाह कोई पदाधिकारी नहीं है। अगर उन्होंने कानून तोड़ा है तो निश्चित उन पर कार्रवाई होगी।