spot_img

ममता बैनर्जी फिर चोटिल, हेलीकॉप्टर में चढ़ने के दौरान हुआ हादसा

HomeNATIONALममता बैनर्जी फिर चोटिल, हेलीकॉप्टर में चढ़ने के दौरान हुआ हादसा

दिल्ली। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी एक बार फिर चोटिल हो गई हैं। पश्चिम बर्धमान के दुर्गापुर में अपने हेलीकॉप्टर में चढ़ने के बाद सीट पर बैठते वक्त वह फिसल गईं और लड़खड़ाकर गिर गईं। यह देख सुरक्षाकर्मी दौड़े और उन्हें उठाया। बताया जा रहा है कि ममता बनर्जी को मामूली चोट लगी है। चोट लगने के बाद उन्होंने आसनसोल की अपनी आगे की यात्रा जारी रखी।

इस तरह हुआ हादसा

ममता बनर्जी हेलिकॉप्टर पर चढ़ चुकी थीं। वह अपनी सीट पर बैठने वाली थीं कि अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और हेलिकॉप्टर के फर्श पर गिर गईं। वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी उनकी चीख सुनकर उन्हें बचाने के लिए दौड़े। गनीमत रही कि ममता बनर्जी को कोई गंभीर चोट नहीं आई है।

पहले भी कई बार ममता हुईं चोटिल

यह पहली बार नहीं है जब बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ कोई हादसा हुआ है। इससे पहले 14 मार्च को कोलकाता में कालीघाट स्थित अपने घर में गिरने से घायल हो गई थीं। उन्हें सरकारी एसएसकेएम अस्पताल ले जाया गया था। जहां उनके माथे और नाक पर 4 टांके लगाए गए थे। करीब डेढ़ घंटे अस्पताल में बिताने के बाद उन्हें डिस्चार्ज किया गया था।

और कब कब घायल हुईं ममता बनर्जी?

24 जनवरी, 2024: ममता बनर्जी सड़क के रास्ते बर्धमान से कोलकाता आ रही थीं। बारिश के कारण रास्ते में विजिबिलिटी कम थी। कार में अचानक ब्रेक लगने के कारण ममता का सिर टकरा गया था। जिससे उन्हें हल्की चोट लगी थी।

जून, 2023: पिछले साल ममता बनर्जी को पैर में चोट लग गई थी। जब उनके हेलीकॉप्टर को खराब मौसम के बाद सिलीगुड़ी के पास सेवोके एयरबेस पर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी थी। उनके बाएं पैर के घुटने में और कूल्हे में चोटें आईं थी।

सितंबर, 2023: स्पेन में यात्रा के दौरान उनके बाएं पैर में एक और चोट लग गई थी। मुख्यमंत्री ने बाद में घोषणा की कि उनके घायल पैर में संक्रमण हो गया है।

10 जनवरी, 2021: ममता बनर्जी नंदीग्राम में नामांकन दाखिल करने के दौरान घायल हुई थीं। पैर में चोट लगी थी। डॉक्टरों ने प्लास्टर चढ़ाया था। इसके बाद उन्होंने व्हीलचेयर पर बैठकर चुनाव प्रचार किया था।