रायपुर। छत्तीसगढ़ में अब कुल आठ पुलिस रेंज हो गए हैं। सरकार ने चुनाव से पहले दो और नए रेंज बनाए हैं, जिसमें राजनांदगांव और रायगढ़ जिले के साथ नया रेंज का परिसीमन किया गया है। इन नई रेंजों में गृह विभाग ने नियुक्तियां भी कर दी है।
सरकार ने गुरुवार को देर रात इस संबंध में आदेश जारी करते हुए चार आईजी का ट्रांसफर किया है, वही दो नए रेंज में भी अधिकारियों की पदस्थापना करने का आदेश जारी किया गया है। जारी आदेश में रायपुर रेंज में (केवल रायपुर जिला) आईजी अजय यादव को उनके रेंज आईजी के कार्यभार से मुक्त कर केवल आईजी इंटेलिजेंस की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वही रायपुर रेंज (केवल रायपुर जिला) में रतनलाल डांगी को रेंज का आईजी बनाया गया है। डांगी के पास पुलिस अकादमी के डायरेक्टर का भी जिम्मा रहेगा।
वही दिल्ली से प्रतिनियुक्ति पूरी करने के बाद लौटे आईपीएस अंकित गर्ग को सरगुजा रेंज का आईजी बनाया गया है। बद्रीनारायण मीणा को दुर्ग रेंज में बतौर आईजी तैनात किया गया है। वही पीचक्यू में तैनात राहुल भगत को नए रेंज राजनांदगांव का आईजी बनाया गया है। इसके अलावा आनंद छाबड़ा को बिलासपुर रेंज का आईजी नियुक्त किया गया है। सरगुजा के प्रभारी आईजी राम गोपाल गर्ग को नए रेंज रायगढ़ का आईजी बनाया गया है।
इन जिलों को मिलाकर बनाया नया पुलिस रेंज
छत्तीसगढ़ में पहले 5 पुलिस रेंज हुआ करते थे, जिसमें सरगुजा, बिलासपुर, दुर्ग, रायपुर और बस्तर को राजस्व संभागों के साथ ही पुलिस रेंज भी बनाया गया था। उसके बाद रायपुर रेंज में रायपुर जिले को राजधानी की संवेदनशीलता और कानून व्यवस्था के तहत और ज्यादा मजबूत बनाने के लिए केवल रायपुर जिले को अलग रेंज घोषित किया गया। इसके बाद रायपुर रेंज में एक केवल रायपुर जिला और दूसरे रेंज में बलौदा बाजार, गरियाबंद, महासमुंद और धमतरी जिले को शामिल किया गया था। अब सरकार ने जो दो नए पुलिस रेंज बनाए हैं, उसमें रायगढ़ और राजनांदगांव रेंज हैं। रायगढ़ पुलिस रेंज की अगर बात की जाए तो इसमें रायगढ़ जिले के साथ सरगुजा रेंज से जशपुर और बिलासपुर रेंज से शक्ति जिले को शामिल किया गया है। वही राजनांदगांव पुलिस रेंज में राजनांदगांव जिले के साथ कवर्धा और नया जिला खैरागढ़ छुईखदान, मोहला मानपुर को शामिल किया गया है। इस तरह अब छत्तीसगढ़ में कुल 8 पुलिस रेंज होंगे।