spot_img

किसानों को मजबूत करने का राजीव जी का सपना छत्तीसगढ़ में हो रहा पूरा : CM बघेल

HomeCHHATTISGARHकिसानों को मजबूत करने का राजीव जी का सपना छत्तीसगढ़ में हो...

दुर्ग। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री राजीव गांधी के शहादत दिवस के अवसर पर दुर्ग जिले के सांकरा में आयोजित भरोसे का सम्मेलन में महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के विभिन्न भवनों का भूमिपूजन तथा न्याय योजनाओं की 02 हजार 28 करोड़ 92 लाख रूपए की राशि हितग्राहियों के खाते में अंतरित करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्वर्गीय श्री राजीव जी को नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायती राज को मजबूत करना और कम्प्यूटर क्रांति राजीव जी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आज न्याय योजनाओं के माध्यम से हितग्राहियों के खाते में सीधे राशि अंतरित कर हम छत्तीसगढ़ के किसानों को मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने 443 करोड़ रूपए के विकास कार्यों की सौगात दी। इसमें 68 करोड़ 26 लाख रूपए की लागत से तैयार हुए 17 कार्यों का लोकार्पण तथा 374 करोड़ 87 लाख रूपए के 71 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। इस मौके पर हितग्राहीमूलक योजनाओं के हितग्राहियों को भी सामग्री वितरण किया गया।

इस मौके पर गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री मोहम्मद अकबर, विधायक मोहन मरकाम ने भी उपस्थितजनों को संबोधित किया। इस मौके पर स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया, पीएचई मंत्री गुरु रूद्रकुमार, महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेंड़िया एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।