spot_img

खदान धंसने से चार लोगों की मौत, पांचवें व्यक्ति की तलाश जारी

HomeCHHATTISGARHखदान धंसने से चार लोगों की मौत, पांचवें व्यक्ति की तलाश...

कोरिया। कोरिया जिले में छुई खदान धंसने से तीन महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई। खदान के मलबे में दबे पांचवें व्यक्ति की खोजबीन की जा रही है। खदान अवैध रूप से संचालित थी।

घटना खड़गवां थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत गढ़तर के मौहारीपारा रोड स्थित लोहरिया नदी के पास गांववाले लंबे समय से छुई मिट्टी निकालते हैं। यह स्थल अघोषित छुई खदान के रूप में प्रचलित हो गया है। बुधवार को कुछ लोग छुई मिट्टी निकालने यहीं गए हुए थे। खोहनुमा स्थल पर घुसकर लोग छुई मिट्टी निकाल रहे थे। शाम को अचानक छुई खदान का ऊपरी हिस्सा भरभराकर गिर गया। इसमें पांच लोग दब गए। घटनास्थल पर उपस्थित दूसरे लोगों ने हो हल्ला मचाना शुरू कर दिया।

बड़ी संख्या में आसपास के गांवों से लोग घटनास्थल पर एकत्रित हो गए।खड़गवां पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग व एक्सीवेटर के माध्यम से मलबे को हटाने का काम शुरू किया।समाचार लिखे जाने तक चार लोगों को बाहर निकाल लिया गया था। चारों की मौत हो चुकी थी।

इनमें तीन महिलाएं व एक पुरुष है।पांचवें व्यक्ति की तलाश की जा रही है। मृतकों में तीन की पहचान भी कर ली गई है।मृतकों में ग्राम पंचायत गढ़तर निवासी मीराबाई, मानमती तथा देवानीबांध निवासी रामसुंदर शामिल हैं। एक मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। पांचवें व्यक्ति की खोजबीन जारी है। वह पुरुष है।

इस घटना से गांव में शोक का माहौल निर्मित हो गया है। बतातें चले कि उत्तर छत्तीसगढ़ में छुई मिट्टी का उपयोग कच्चे मकानों की लिपाई में उपयोग किया जाता है।छुई खदान धंसने की कई घटनाएं हो चुकी है,इसके बाद भी प्रशासन असुरक्षित व खतरनाक छुई खदानों को बंद कराने में रुचि नहीं ले रहा है।