spot_img

महिला मोर्चा के निशाने पर प्रियंका गांधी, महिलाओं पर बढ़ते अपराध को लेकर घेराव की तैयारी

HomeCHHATTISGARHBASTARमहिला मोर्चा के निशाने पर प्रियंका गांधी, महिलाओं पर बढ़ते अपराध को...

 

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा छत्तीसगढ़ में बढ़ते अपराध पर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का घेराव करने की तैयारी में है।इस सम्बंध में महिला मोर्चा की प्रदेश स्तरीय एक बैठक आहुत की गई। बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप एवं महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत सहित महिला मोर्चा की पदाधिकारी व कार्यकर्ता वर्चुअल माध्यम से शामिल हुई। बैठक में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के बस्तर प्रवास पर बस्तर संभाग महिला मोर्चा द्वारा प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत के नेतृत्व में घेरने की रणनीति बनाई गई।

प्रदेश महिला मोर्चा भूपेश सरकार द्वारा किए गए वादों को पूरा न करने के विरोध में एवं प्रियंका गांधी के वक्तव्य में हमेशा यह कहना कि मैं लड़की हूं, लड़ सकती हूं, इस विषय पर सीधे संवाद-सीधे विरोध की मुहिम महिला मोर्चा द्वारा चलाई जाएगी। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत के नेतृत्व में प्रदेश की भूपेश सरकार से पूछेंगे कि कांग्रेस की सरकार साढ़े 4 सालों में शराबबंदी क्यों नहीं कर पाई ? प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही छोटी बच्चियों से लेकर बुजुर्ग महिलाओं तक दुष्कर्म के अपराध बढ़ रहे हैं। इस पर लगाम क्यों नहीं लगा पाये ? पेंशन राशि क्यों नहीं बढ़ पाई ? रेडी टू ईट बनाने वाली हजारों बहनों को क्यों बेरोजगार कर दिया। स्व सहायता समूह की बहनों का आज तक कर्जा माफ क्यों नहीं हुआ।

प्रियंका गांधी के सचिव संदीप के ऊपर उत्तर प्रदेश के हस्तिनापुर की कांग्रेस प्रत्याशी ने शोषण का आरोप लगाया है और उससे यह बदसलूकी रायपुर में हुई है। प्रियंका छत्तीसगढ़ आएंगी तो क्या अपने उस सचिव को पुलिस के हवाले करेंगी ? अनेक ज्वलंत मुद्दों को लेकर भाजपा महिला मोर्चा प्रियंका गांधी वाड्रा का घेराव करेगा।

महिला मोर्चा अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने कहा है कि कांग्रेस महासचिव एक महिला हैं और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार है। उन्हें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से पूछना चाहिए कि प्रदेश में महिलाओं को धमकाना, छत्तीसगढ़ में बढ़ते महिला अपराध एवं अपराध पर प्रदेश सरकार ने अब तक क्या किया है ?

इस बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, बस्तर संभाग के सातों जिले के महिला मोर्चा प्रदेश के पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य, जिला अध्यक्ष, महामंत्री एवं महिला मोर्चा की बहनें वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रही।