spot_img

बड़ी खबर : दफ्तरों में सरप्राइज चेकिंग, 120 अफ़सर ग़ायब…वेतन कटा, दिया नोटिस…

HomeCHHATTISGARHBILASPURबड़ी खबर : दफ्तरों में सरप्राइज चेकिंग, 120 अफ़सर ग़ायब...वेतन कटा, दिया...

 

जांजगीर। शासकीय कार्यालयों में अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति समय पर सुनिश्चित करने कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा द्वारा लगातार बैठक लेकर हिदायत दी जा रही है। उन्होंने यहाँ आते ही बैठक लेकर सभी को निर्देशित भी किया था कि सभी समय पर दफ्तर पहुचे।

एक बार फिर उनके निर्देश पर सयुंक्त कलेक्टर और एसडीएम जांजगीर, पामगढ़ एसडीएम, तहसीलदार सारागांव ने शासकीय कार्यालयों में आकस्मिक निरीक्षण किया तो अनेक अधिकारी-कर्मचारी कार्यालयीन समय पर भी दफ्तर नहीं पहुँचे थे। कुल 120 अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित पाये गये। कलेक्टर ने इस पर कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए सभी को नोटिस जारी कर वेतन काटने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर सिन्हा द्वारा जिले के अधिकारियों-कर्मचारियों को बैठक लेकर लगातार समय पर कार्यालय में उपस्थित होने और शासन के योजनाओं के क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही कलेक्टर द्वारा लगातार विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर शासकीय कर्मचारियों को समय पर उपस्थिति देने के निर्देश दिए जा रहे हैं। अनेक ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा कलेक्टर को प्राप्त शिकायत के आधार पर अनुपस्थित अधिकारी कर्मचारियों को पूर्व में भी हिदायत दी गई है। इसी कड़ी में आज कलेक्टर के निर्देश पर कार्यालयों का निरीक्षण किया गया जिसमें विभिन्न शासकीय कार्यालयों में 120 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए।

भड़के कलेक्टर…कहा-ये सब नहीं चलेगा

कलेक्टर सिन्हा द्वारा जिले में शासकीय अधिकारियों की उपस्थिति मुख्यालय में सुनिश्चित करने के निर्देश लगातार दिया जा रहा हैं। उन्होंने फील्ड के स्टाफ को भी मुख्यालय और कार्यालयों में रहने के निर्देश दिया हुआ है। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे शासन द्वारा निर्धारित कार्यालयीन समय तक अनिवार्य रूप से कार्यालय में उपस्थित होकर शासकीय कामकाज करें। कलेक्टर ने कहा है कि उनकी प्राथमिकता शासन के मंशानुसार जनकल्याणकारी योजनाओं का जिले में बेहतर क्रियान्वयन कराना है। आने वाले दिनों में भी यह कार्यवाही लगातार जारी रहेगी। मुख्यालय से बाहर आना-जाना नहीं चलेगा। स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र, आंगनबाड़ी सहित सभी कार्यालयों में आकस्मिक निरीक्षण सुबह और शाम को किया जाएगा। अनुपस्थिति पर वेतन काटने के साथ आने वाले दिनों में सख्त विभागीय कार्यवाही भी सुनिश्चित की जाएगी।