spot_img

मुख्यमंत्री बघेल ने किया “कृष्ण कुंज” का लोकार्पण, कहा-जीने की कला सिखाते है श्रीकृष्ण

HomeCHHATTISGARHमुख्यमंत्री बघेल ने किया "कृष्ण कुंज" का लोकार्पण, कहा-जीने की कला सिखाते...

 

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजधानी के तेलीबांधा में “कृष्ण कुंज” का लोकार्पण किया। लोकार्पण के दौरान मुख्यमंत्री ने कृष्ण कुंज में भगवान श्री कृष्ण की पूजा-अर्चना की और प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कृष्ण कुंज में कदम्ब का पौधा भी लगाया।

गौरतलब है कि तेलीबांधा में बनाये गए कृष्ण कुंज के 1.68 हेक्टेयर में 383 पौधे लगाए गए है। जिनमें बरगद, पीपल, कदंब जैसे सांस्कृतिक महत्व के पौधे को प्राथमिकता देते हुए रोपित किया गया है। इसके अलावा कृष्ण कुंज में जीवनोपयोगी आम, इमली, बेर, गंगा इमली, जामुन, शहतूत, तेंदू ,चिरौंजी के पौधे भी लगाए गए है। प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों में 162 स्थानों के कृष्ण कुंज में पौधारोपण किया जा रहा है।वृक्षारोपण को जन-जन से जोड़ने, सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के लिए इसे ‘कृष्ण-कुंज’ नाम दिया गया है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर प्रदेश वासियों को बधाई देते हुए अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि आज भी माताएं अपने बच्चों को सदैव भगवान कृष्ण के रूप में देखती हैं। भगवान कृष्ण के अनेक नाम हैं माखनचोर, रणछोड़, द्वारिकाधीश अनेक नाम …ऐसे ही कृष्ण के अनेक रूप है। हमारे छत्तीसगढ़ में बच्चे सबसे पहला कोई उपवास रखते हैं तो वह जन्माष्टमी का होता है।

छत्तीसगढ़ में हमने गौपालन का कार्य शुरू किया है, गांव और शहर में गौठान बना रहे हैं, गोबर और गौमूत्र खरीदने का कार्य भी कर रहे हैं।गौमाता की सेवा के साथ स्वच्छता का कार्य भी सरकार कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा भगवान श्री कृष्ण ने लोगों को कर्मवादी बनाने का उपदेश दिया। भगवान श्री कृष्ण ने जिन बातों का उपदेश दिया, उन्हें स्वयं भी जीया। वे सही मायने में हमें जीवन जीने की कला सिखाते हैं। कृष्ण कुंज में धर्मिक महत्व के वृक्ष बरगद, पीपल, आंवला, कदम्ब के साथ-साथ औषधि के रूप में उपयोग हर्रा, नीम जैसे कई पेड़ लगाए जाएंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने कृष्ण कुंज के पास शराब दुकान हटाने के लिए भी कलेक्टर को निर्देश दिए है।

नन्हे कान्हा से मिले मुख्यमंत्री

इधर कृष्ण कुंज के लोकार्पण के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने श्री कृष्ण का रूप धरे बच्चों को देख खुद को रोक नहीं पाए, उन्होंने उनसे मुलाकात कर श्रीकृष्ण की कुछ अहम बातें बताई। सीएम बघेल ने श्री कृष्ण का रूप धरे बच्चे को गोद मे उठाकर मटकी भी फुड़वाई।