गोरखपुर। सीएम योगी आदित्यनाथ के गढ़ गोरखपुर में कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी (priyanka gandhi ) की सुपरहिट रैली के बाद टिकट के दावेदारों की कतार बढ़ती दिख रही है।
पूर्वांचल की 62 सीटों पर टिकट के लिए दावेदार प्रियंका के करीबी नेताओं की परिक्रमा करने लगे हैं। कुशीनगर, देवरिया, महराजगंज, बस्ती, संतकबीरनगर, मऊ, गाजीपुर के साथ ही बलिया में भी दावेदारों को लगने लगा है कि कांग्रेस को अब कमतर आंकने की जरूरत नहीं है। कांग्रेस की उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी के जोश से लबरेज भाषण (priyanka gandhi) के बाद कार्यकर्ताओं के साथ ही टिकट की दावेदारी करने वालों में उत्साह है।
भैयाजी ये भी देखे : बलौदाबाजार के चर्चित जुड़वा भाइयों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
20 लोगों ने दावेदारी की
यह उत्साह दावेदारों में दिखा भी। जब चंपा देवी पार्क में भीड़ दिखाने के लिए वह जद्दोजहद करते हुए दिखे। दावेदारों और समर्थकों के बीच सोशल मीडिया पर खुद की भीड़ दिखाने की भी होड़ लगी हुई है। गोरखपुर-बस्ती मंडल के 70 फीसदी सीटों पर 10 से 20 लोगों ने दावेदारी की है। वहीं कई स्थानीय क्षत्रप ऐन चुनाव से पहले एंट्री की जुगत में हैं। महराजगंज के जिलाध्यक्ष शरद कुमार सिंह का कहना है कि ‘प्रियंका ही इकलौती ऐसी नेता हैं, जो तानाशाह भाजपा सरकार से सवाल पूछ रही हैं। योगी और मोदी पर हमला कर रही है। कांग्रेस को चुकी हुई पार्टी बताने वालों को जनता ही जवाब देगी।
प्रदेश सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान
रैली में प्रियंका (priyanka gandhi ) ने प्रदेश सरकार पर हमला करते हुए इसे उखाड़ फेंकने का आह्वान तो किया ही, उनमें प्रदेश में कांग्रेस की वापसी को लेकर छटपटाहट भी साफ दिखी। कांग्रेस की वापसी को लेकर प्रिंयका की ‘प्रतिज्ञा’ से स्थानीय कांग्रेसियों में उत्साह है। कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी और महासचिव प्रियंका गांधी रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ में गरजीं तो इसका व्यापक प्रभाव कांग्रेसी ही नहीं, राजनीतिक दिग्गज भी महसूस कर रहे हैं। प्रियंका योगी के गढ़ से यह संदेश देने की कोशिश भी करती दिखीं कि वह यूपी की सियासत में कांग्रेस पूरा दमखम रखती हैं। उन्हें दरकिनार करने की भूल भारी पड़ेगी।
तीन दशक बाद हुई कांग्रेस की रैली
कांग्रेस की अपने दमखम पर अंतिम रैली 1991 में हुई थी। मई महीने में शहर के कचहरी क्लब में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की रैली हुई थी। तब भोर में 5 बजे राजीव गांधी ने सभा को संबोधित किया था। तीन दशक बाद पिता की विरासत को आगे बढ़ाते हुए प्रियंका ने रैली की। लोगों में उत्साह तो था ही, प्रियंका भी काफी उत्साह में दिखीं। करीब 5 मिनट वे मंच के चारों तरफ जाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ.सैयद जमाल कहते हैं कि ‘प्रियंका गांधी जिस प्रकार पूरे दमखम से यूपी की सियासत में दखल दे रही हैं, उससे काफी जोश है। वह खुद सड़क पर आंदोलित हैं, ऐसे में कार्यकर्ताओं का जोश दोगुना हो गया है।’