spot_img

धान ख़रीदी : मंत्रीमंडलीय उप समिति की बैठक, वर्ष 2021-22 के लिए तय होगा नया लक्ष्य

HomeCHHATTISGARHधान ख़रीदी : मंत्रीमंडलीय उप समिति की बैठक, वर्ष 2021-22 के लिए...

 

रायपुर। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अमरजीत भगत की अध्यक्षता में आज दोपहर 12 बजे से सरगुजा कुटीर, विधायक कालोनी पुरैना रायपुर में धान खरीदी के लिए गठित मंत्रीमंडलीय उप समिति की बैठक आयोजित की गयी है।

मंत्री मंडलीय उपसमिति की बैठक में आगामी खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में धान खरीदी एवं कस्टम मिलिंग की नीति की समीक्षा की जाएगी। बैठक में आगामी वर्ष में समर्थन मूल्य में धान ख़रीदी की प्रारंभिक स्थिति की तैयारियों पर भी चर्चा की जाएगी।

मंत्री मंडलीय उप समिति की बैठक में कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे, वन एवं परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर, सहकारिता एवं स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम और उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल भी शामिल होंगे।

इस बैठक में धान खरीदी को लेकर एक नया लक्ष्य भी तैयार किया जाएगा। अफसरों से मिली जानकारी के मुताबिक इस बार सूबे में धान का उत्पादन पिछले बार से ज़्यादा होने की उम्मीद है। लिहाज़ा सरकार धान खरीदी के लिए पिछले लक्ष्य को बढ़ा कर एक नया टारगेट सेट कर सकती है।

गौरतलब है कि धान खरीदी के मामलें में छत्तीसगढ़ में 20 सालों में पिछले साल सर्वाधिक धान खरीदी का रिकॉर्ड बना था। साल 2020-21 धान खरीदी सीजन में 21 जनवरी तक 84 लाख 44 हजार मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी थी। ये आंकड़ा वर्ष 2019-20 के लिए छत्तीसगढ़ में क्रय किए गए कुल धान 83.94 लाख मीट्रिक टन से 50 हजार मीट्रिक टन ज़्यादा था। इसके अगले दस दिनों में भी प्रदेश में धान खरीदी हुई थी।