spot_img

विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे 900 किसानों पर FIR दर्ज

HomeNATIONALविरोध प्रदर्शन करने पहुंचे 900 किसानों पर FIR दर्ज

दिल्ली। हरियाणा के सिरसा जिले में किसानों को रिहा करने की मांग पर राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रदर्शन करने पहुंचे 900 प्रदर्शनकारियों पर प्रशासन के निर्देश पर एफआईआर दर्ज हुई है। किसानों पर शासकीय कार्य पर बाधा डालने, राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित करने, आमजन को परेशान करने और प्राण घातक बीमारी फैलाने की आशंकाओं की धारा लगाकर केस (FIR) दर्ज किया गया है।

इस वजह से हुई FIR

हरियाणा के सिरसा जिले में 21 जुलाई को किसान संगठनों के 5 सदस्यों ने राज्य विधानसभा उपाध्यक्ष रणबीर सिंह गंगावा की कार पर पथराव किया था। इस मामलें में 5 लोगों की गिरफ्तारी की गई थी। गिरफ्तार लोगों को रिहा किया जाए, इसलिए किसान संगठनों के गत 21 जुलाई को राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या नौ पर सिरसा जिले के भावदीन टोल प्लाजा, सांवत खेड़ा टोल प्लाजा, गांव साहूवाला और सिरसा शहर के दक्ष प्रजापति चौक पर बेमियादी धरना देने के अलावा दो घंटे राष्ट्रीय राजमार्ग के जाम करने के आरोपों में केस दर्ज किया गया। गिरफ्तार पांच किसानों को स्थानीय अदालत द्वारा जमानत दिए जाने के बाद देर शाम जेल से रिहा कर दिया गया था।

इन लोगों पर नामजद FIR

पुलिस अधीक्षक अर्पित जैन ने बताया कि सदर थाना डबवाली में पुलिस के सिक्योरिटी कर्मचारी इंद्रपाल की शिकायत पर लीलावाली गांव के पूर्व सरपंच मुख पाल सिंह, देसू जोधा गांव के गुरू प्रेम और खुशदीप सिंह समेत करीब 200 किसानों के खिलाफ राष्ट्रीय राजमार्ग जाम करने समेत अन्य आरोपों में भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। बड़ागुढ़ा थाना में सिक्योरिटी कर्मचारी गुरविंदर सिंह के बयान के आधार पर करीब 250 अज्ञात किसानों तथा डींग थाना में थानाधिकारी कश्मीरी लाल की शिकायत पर करीब 150 किसानों के खिलाफ उपरोक्त धाराओ में मामले दर्ज (FIR) किए हैं। सिरसा सिविल लाइंन थाना में करीब 300 किसानों के खिलाफ उक्त धाराओं में मामले दर्ज किए गए हैं।

घेराव का ऐलान

किसान नेता बलदेव सिंह सिरसा गुरुवार को जेल से रिहा हुए पांच किसानों के साथ शहर के चिल्ला साहिब गुरुद्वारे पहुंचे, जहां उन्हें गुरुद्वारा प्रबंधन ने सिरोपे भेंट कर सम्मानित किया गया। उधर, हरियाणा किसान मंच के प्रदेश अध्यक्ष प्रहलाद सिंह भैरू खेड़ा का कहना है, कि सरकार ने अगर किसान आंदोलन में शामिल किसानों को गिरफ्तार करने की कोशिश की तो अब प्रदेश भर के सभी थानों का घेराव किया जाएगा। वहीं एसपी जैन ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के हाल में जारी निदेर्शों का पालन करते हुए जनता से मिल रही शिकायत के बाद ये मामले दर्ज किए गए हैं। उन्होंने बताया कि किसान आंदोलन की आड़ में किसी को भी कानून हाथ में नहीं लेने दिया जाएगा।