spot_img

कोरोना अपडेट : 24 घंटे में सामने आए 50 हजार से ज्यादा नए मरीज, 1329 मौत

HomeNATIONALCOUNTRYकोरोना अपडेट : 24 घंटे में सामने आए 50 हजार से ज्यादा...

नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमण के रोज मिल रहे मामलों की संख्या 50 हजार के ऊपर बनी हुई है। बीते 24 घंटों में देश में कोरोना के 51 हजार 667 नए मरीज मिले हैं। इस दौरान 1 हजार 329 की मौत हुई। नए आंकड़ों को मिलाकर देश में मरीजों की कुल संख्या 3,01,34,445 पर पहुंच गई है। जबकि, महामारी में अब तक 3,91,981 लोगों की जान जा चुकी है। अच्छी खबर है कि एक्टिव केस की संख्या में भी गिरावट आई है। फिलहाल, देश में 6,12,868 मरीजों का इलाज चल रहा है और 2.91 करोड़ से ज्यादा मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।

बीते 24 घंटों में पांच राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों में इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में एक्टिव केस की संख्या 50 हजार से कम हो चुकी है। वहीं, महाराष्ट्र, केरल और कर्नाटक केवल तीन ऐसे राज्य हैं, जहां 50 हजार से ज्यादा सक्रिय मामले हैं। केरल में 12 हजार से ज्यादा नए मामले दर्ज किए गए हैं।

महाराष्ट्र में करीब 9.8 हजार से ज्यादा नए मरीज मिले हैं। यहां 556 लोगों की मौत हो गई। तमिलनाडु में संक्रमण के 6 हजार ज्यादा नए मामले सामने आए और 155 लोगों की मौत हुई. कर्नाटक में 138 मरीजों का जान गई।

देश में 17.36 लाख नई जांचें की गई हैं. जिसके बाद टेस्ट पॉजिटिविटी रेट 2.98 फीसदी पर रहा। राहत की खबर है कि लगातार चौथे दिन टेस्ट पॉजिटिविटी रेट 3 प्रतिशत के नीचे रहा। इस दौरान सबसे ज्यादा टेस्ट पॉजिटिविटी रेट सिक्किम (19.89%) में रहा। इसके बाद मणिपुर में यह आंकड़ा 11.79%, मेघालय में 10.93%, केरल में 10.29%, उत्तर प्रदेश में 0.04, मध्य प्रदेश में 0.13% और बिहार में 0.28% रहा।

देश में सबसे ज्यादा 155 मौतें तमिलनाडु में दर्ज की गईं। इसके बाद कर्नाटक में 138 और केरल में 136 मरीजों की मौत हो गई।

25 जून सुबह 7 बजे तक सरकार की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटों में 60 लाख 73 हजार 912 वैक्सीन डोज दिए गए हैं। इस दौरान 52,89,673 लोगों ने पहला और 7,84,239 लोगों ने टीके की दूसरी खुराक प्राप्त की। अब तक कुल 30,79,48,744 डोज दिए जा चुके हैं। टीकाकरण के मामले में महाराष्ट्र सबसे आगे है। यहां 2,97,23,637 लोगों को वैक्सीन लगाई चुकी है।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को जानकारी दी थी कि राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के पास कोविड-19 टीके की 1.89 करोड़ से अधिक शेष एवं अप्रयुक्त खुराकें अब भी उपलब्ध हैं। मंत्रालय ने बताया कि राष्ट्रीय कोविड-19 टीकाकरण कार्यक्रम के नये संशोधित दिशा-निर्देशों पर अमल के पहले 72 घंटों में टीके की करीब दो करोड़ खुराकें लगाई गईं।

केंद्र ने भारत सरकार (मुफ्त माध्यम) और राज्यों द्वारा सीधी खरीद श्रेणी के माध्यम से राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को अब तक 30 करोड़ से अधिक (30,33,27,440) खुराकें उपलब्ध कराई हैं। मंत्रालय ने बताया कि गुरुवार को सुबह आठ बजे तक उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक इनमें, बर्बाद हुए टीकों समेत, कुल 28,43,40,936 खुराकों का उपयोग हुआ है।