spot_img

पांच लाख के इनामी नक्सली सहित तीन नक्सली गिरफ्तार

HomeCHHATTISGARHBASTARपांच लाख के इनामी नक्सली सहित तीन नक्सली गिरफ्तार

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में पुलिस और सुरक्षाबल ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्र में तीन नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। इसमें एक 05 लाख का इनामी नक्सली बन्नू अलामी शामिल है। बन्नू को डीआरजी और बारसूर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसके अलावा दो नक्सली मंगू कारम और गंगू को बचेली थाना क्षेत्र के साप्ताहिक बाजार से गिरफ्तार किया है। इसकी पुष्टि दंतेवाड़ा एसपी अभिषेक पल्लव ने की है।

पुलिस के मुताबिक नक्सली बन्नू अलामी सम्पूर्ण बारसूर एरिया कमेटी सदस्य और जनताना सरकार इंचार्ज है। इस पर 05 लाख रुपए का इनाम घोषित था। सूचना मिली थी कि बारसूर थाना क्षेत्र के कोशलनार मुर्गा बाजार में बन्नू आलामी आने वाला है। जिसके बाद घेराबंदी कर इसे गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। पूछताछ में बताया कि बड़े नक्सली कैडरों के कहने पर पुलिस की रेकी करने मुर्गा बाजार आया था।

इसके साथ ही बचेली थाना क्षेत्र के साप्ताहिक बाजार में नक्सली मंगू कारम, गंगू उर्फ टेलर तेलाम और अन्य नक्सली के आने की खबर मिली थी। जिसके बाद पुलिस पार्टी ने घेराबंदी कर मंगू कारम भूमकाल मिलिशिया कमाण्डर और गंगू उर्फ टेलर तेलाम भूमकाल मिलिशिया सदस्य को पकड़ा गया। ये दोनों नक्सली भी बड़े नक्सली कैडरों के कहने पर पुलिस की रेकी करने साप्ताहिक बाजार आए थे। पुलिस ने तीनों नक्सलियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
००