भारत में कोरोना संक्रमण के पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 1,26,789 नए मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से ये जानकारी दी गई है। इसी के साथ देश में पिछले चार दिनों में ये तीसरा दिन है जब कोरोना के एक लाख से अधिक नए मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटे में 59,258 लोग डिस्चार्ज किए गए हैं जबकि 685 मरीजों की मौत भी हुई है।
इसी के साथ देश में कोरोना महामारी से मरने वालों की संख्या अब 1 लाख 66 हजार 862 हो गई है। ताजा आंकड़ों के अनुसार देश में अब तक एक करोड़ 29 लाख 28 हजार 574 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। इसमें एक करोड़ 18 लाख 51 हजार 393 मरीज ठीक भी हुए हैं।
वहीं, एक्टिव मरीजों की संख्या अब 9 लाख के पार हो गई है। देश में कोरोना एक्टिव मरीज अब 9 लाख 10 हजार 319 हो गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार अभी तक 9 करोड़ से ज्यादा लोगों को कोरोना की वैक्सीन दी जा चुकी है।
भारत कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित तीसरा देश
भारत कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित दुनिया का तीसरा देश बन गया है। इससे पहले अमेरिका और ब्राजील हैं। अमेरिका में अब तक तीन करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। वहीं ब्राजील में एक करोड़ 31 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हुए हैं। भारत में ये आंकड़ा एक करोड़ 29 लाख तक पहुंच चुका है।
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वायरस के टीके का दूसरा डोज भी लिया है। पीएम मोदी आज ही कोरोना से बने हालात पर राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक भी करने वाले हैं।
भारत में महाराष्ट्र कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य है। यहां बुधवार को देर शाम तक कोरोना के 59,907 नए मामले सामने आए थे। वहीं 322 लोगों की मौत भी हुई। राज्य में कोरोना से मरने वालों की संख्या अब 56,652 हो गई है। महाराष्ट्र के पुणे में ही एक दिन में 10 हजार से अधिक नए केस सामने आए।
इसके अलावा दिल्ली में लगातार दूसरे दिन पांच हजार से अधिक मामले सामने आए। दिल्ली में बुधवार को कोरोना के 5,506 नए मामले दर्ज किए गए। ये इस साल में एक दिन की सर्वाधिक संख्या है। 20 लोगों की मौत भी हुई जिसके बाद मृतकों की संख्या 11,133 हो गई है।