spot_img

भारतीय नौसेना के जवान का हुआ अपहरण, फिर जिन्दा जलाया

HomeNATIONALCRIMEभारतीय नौसेना के जवान का हुआ अपहरण, फिर जिन्दा जलाया

महाराष्ट्र के पालघर में साधुओं की हत्या के बाद अब एक और खौफनाक घटना सामने आई है। आईएनएस अग्रणी पर तैनात एक नाविक का अपहरण कर बदमाशों ने उसे जिंदा जला दिया। बुरी तरह झुलसे नाविक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

पुलिस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश में जुट गई है। पालघर के एसपी दत्तात्रय शिंदे ने बताया कि नाविक की पहचान सूरज कुमार दुबे (27) के रूप में हुई है, जो झारखंड के रांची के रहने वाले थे। वे कोयंबटूर में आईएनएस अग्रणी पर तैनात थे।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, सूरज कुमार दुबे 30 जनवरी को छुट्टी से लौट रहे थे, तभी चेन्नई हवाईअड्डे के बाहर रात करीब नौ बजे तीन लोगों ने बंदूक का भय दिखाकर उनका अपहरण कर लिया। तीन दिनों तक चेन्नै के एक अज्ञात स्थान पर बंधक बनाकर रखा गया।

बदमाशों ने नौसेना अधिकारी से 10 लाख की फिरौती मांगी, लेकिन जब उन्हें पैसे नहीं मिले तो उन्होंने सूरज कुमार को पालघर के डहाणू तलासरी के जंगल में ले जाकर उस पर पेट्रोल छिड़कर आग लगा दी। इसके चलते सूरज कुमार बुरी तरह झुलस गए। एक स्थानीय निवासी की उन पर नजर पड़ी तो उन्होंने तत्काल मामले की जानकारी घोलवड पुलिस को दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने सूरज कुमार को दहानू के उप जिला अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां सूरज ने पुलिस को अपहरण की घटना के बारे में बताया। सूरज की हालत बिगड़ने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मुंबई रिफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान सूरज कुमार की शनिवार को मौत हो गई है। पालघर के एसपी दत्तात्रय शिंदे ने बताया कि तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और जांच शुरू की गई है।