दिल्ली। संसद सत्र का दूसरा दिन भी नारों और विवादों के साथ खत्म हुआ। कांग्रेस ने डिप्टी स्पीकर पद की मांग की, इस पर भाजपा ने जवाब नहीं दिया। नाराज विपक्ष ने NDA के स्पीकर कैंडिडेट ओम बिरला के खिलाफ के. सुरेश काे उतार दिया। आज सुबह 11 बजे से वोटिंग होगी। प्रोटेम स्पीकर सदन में मतदान कराएंगे। भाजपा-कांग्रेस ने सांसदों को व्हिप भी जारी कर दिया।
संख्याबल में पलड़ा NDA का भारी है। लोकसभा में 293 सांसदों वाले NDA के पास स्पष्ट बहुमत है। I.N.D.I.A ब्लॉक के पास 233 सांसद हैं। 16 अन्य सांसद हैं। चुनाव संसद में मौजूद सदस्यों के साधारण बहुमत से होता है। के. सुरेश को प्रत्याशी बनाए जाने पर TMC नाराज है, उसका कहना है कि हमें भरोसे में लिया बिना प्रत्याशी के नाम का ऐलान किया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार राहुल गांधी ने TMC प्रमुख ममता बनर्जी से फोन पर बात करके उन्हें मना लिया है।
के सुरेश बोले- NDA ने परंपरा तोड़ी इसलिए हम चुनाव लड़ रहे हैं
लोकसभा अध्यक्ष पद के लिए I.N.D.I.A ब्लॉक के प्रत्याशी कांग्रेस सांसद के. सुरेश ने कहा- संख्या कोई मुद्दा नहीं है, मुद्दा परंपरा है। NDA ने परंपरा को तोड़ा है। इसीलिए हम चुनाव लड़ रहे हैं।
7 सांसदों ने अब तक शपथ नहीं ली
संसद सत्र के दूसरे दिन भी सांसदों को शपथ दिलाई गई। अब तक 535 (कुल 542) सदस्यों ने लोकसभा की सदस्यता ली। 7 सांसद शपथ नहीं ले सके। इनमें TMC के शत्रुघ्न सिन्हा, दीपक अधिकारी, शेख नुरुल इस्लाम, सपा के अफजल अंसारी, कांग्रेस सांसद शशि थरूर, निर्दलीय अमृतपाल सिंह और शेख अब्दुल राशिद उर्फ इंजीनियर राशिद शामिल हैं।