दिल्ली। देश में जाते हुए मानसून के चलते कई राज्यों में बारिश हो रही है। इस बीच मौसम विभाग के अनुसार, आज भी कई राज्यों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं, मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का एक और क्षेत्र विकसित हो रहा है। जिसके कारण मौसम में एक बार फिर से बदलाव हो सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार और गुरुवार देश के कई हिस्सों में बारिश होने के आसार जताए गए हैं। जिसके चलते कई जगहों पर हल्की और कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं, मौसम विभाग ने एक ट्वीट कर जानकारी देते हुए कहा कि अगले 2-3 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम और आस-पास के पश्चिमी भारत के कुछ और हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल होती जा रही हैं।
दिल्ली में हुई बारिश
मानसून लगभग जाने वाला है, लेकिन जाते-जाते मानसून ने दिल्लीवासियों को गर्मी से थोड़ी राहत दी है। दिल्ली मेंबीते दिन हल्की बारिश हुई थी, लेकिन बारिश होने के बाद भी दिल्लीवासियों को उमस से राहत नहीं मिल सकी है।
अगस्त के बाद सितंबर में भी कम वर्षा होने से दिन के समय उमस बनी हुई है, लेकिन सुबह शाम थोड़ी राहत है। मौसम विभाग का अनुमान है कि एक सप्ताह तक ऐसा ही शुष्क मौसम बना रहेगा। आमतौर पर सितंबर महीने के दूसरे पखवाड़े से ही मौसम बदलने लगता है। लेकिन, इस बार अगस्त और सितंबर के सामान्य से कम हुई बरसात के चलते लोगों को अभी भी गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है।
कैसा रहेगा बिहार का मौसम
दक्षिण-पश्चिम मानसून बिहार में लगातार कमजोर (Bihar Weather Today) पड़ता जा रहा है। हालांकि, पूर्वी उत्तर प्रदेश में एक चक्रवात बना हुआ है, जिसके चलते अगले 24 घंटे में प्रदेश के कुछ भागों में हल्की वर्षा होने के आसार हैं।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून ने देश के पश्चिमी भाग से लौटने का संकेत दे दिया है। 2 से 3 दिनों में मानसून मध्य भारत से लौट सकता है। वहीं, 30 सितंबर तक बिहार से भी मानसून लौटने के आसार हैं। मानसून लौटने के उपरांत राज्य में वर्षा लगभग थम जाएगी।
उत्तराखंड के मौसम का हाल
राजस्थान से मानसून की विदाई होने के बाद उत्तराखंड में भी बारिश का क्रम थम गया है। ज्यादातर क्षेत्रों में आंशिक बादलों के बीच धूप खिल रही है और अधिकतम तापमान भी बढ़ा हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिन प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में मौसम शुष्क रह सकता है। कहीं-कहीं आंशिक बादल छाए रहने के साथ बूंदाबांदी हो सकती है।
वहीं, देहरादून में आज चटख धूप खिलने के आसार हैं। मंगलवार को देहरादून में सुबह से धूप खिली रही। हालांकि, दोपहर बाद कहीं-कहीं बादल मंडराने लगे, लेकिन वर्षा नहीं हुई। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी वर्षा की सूचना नहीं है। इस बीच ज्यादातर क्षेत्रों में तापमान भी सामान्य से एक से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
हिमाचल प्रदेश से वापस लौटेगा मानसून
मौसम विभाग ने आगामी दो से तीन दिनों में मानसून के हिमाचल प्रदेश से वापस लौटने के आसार जताए हैं। मौसम विभाग के अनुसार आगामी पांच दिनों तक मौसम के साफ रहने का अनुमान है। ऐसे में आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में कुछ वृद्धि हो सकती है।
धूप के बावजूद इन दिनों सुबह और शाम के समय ठंडक बढ़ने लगी है और न्यूनतम तापमान में एक से 2.5 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। सबसे अधिक गिरावट केलंग में 2.5 डिग्री की दर्ज की गई है। इन दिनों सुबह और शाम की ठंड शिमला से ज्यादा सोलन में हो रही है। धूप के खिलने से अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री तक की वृद्धि दर्ज की गई है।