रायपुर। भाजपा के महामंत्री केदार कश्यप ने कहा, राज्य में कांग्रेस सरकार की शह पर षड्यंत्र पूर्वक, सुनियोजित तरीके से लक्ष्य करके भारतीय जनता पार्टी के नेता, कार्यकर्ताओं की हत्या किए जाने के विरोध में भाजपा द्वारा 16 फरवरी को बस्तर मुख्यालय जगदलपुर में रैली निकालकर आईजी कार्यालय के सामने धरना और प्रदर्शन किया जाएगा।
17 फरवरी को बस्तर के 12 विधानसभा क्षेत्र छोड़कर प्रदेश के सभी 78 विधानसभा क्षेत्र में मंडल स्तर पर दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक प्रदेश की 400 से अधिक सड़कें जाम की जाएंगी। महामंत्री कश्यप ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की लगातार हत्या हो रही है। सरकार कोई संज्ञान नहीं ले रही है। भाजपा के बलिदानी कार्यकर्ताओं की शहादत पर ओछी राजनीति की जा रही है। सरकार में बैठे लोग भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या की बढ़ती वारदातों पर परदा इसलिए डाल रहे हैं क्योंकि पटकथा इन्हीं की लिखी हुई है।
राजनीतिक षड्यंत्र के दौर में लगातार रक्तपात के मामलों में बलिदान देने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। यह षड्यंत्र की राजनीति चुनाव प्रभावित करने के लिए की जा रही है। साफ तौर पर षड्यंत्र की बू आ रही है। लेकिन भाजपा के कार्यकर्ता इसका डटकर मुकाबला कर रहे हैं।