spot_img

भानुप्रतापपुर उप चुनाव : कांग्रेसी बोले, आरोप नहीं लगाए, नेताम अपराधी है इसका खुलासा किया…

HomeCHHATTISGARHBASTARभानुप्रतापपुर उप चुनाव : कांग्रेसी बोले, आरोप नहीं लगाए, नेताम अपराधी है...

 

रायपुर। भानुप्रतापपुर में हो रहे उप चुनाव के दौरान सियासी दांव पेंच के बीच कांग्रेस ने ब्रम्हानंद पर आरोप नहीं लगाने की बात कहते हुए ये दावा किया कि जो सत्य है, उसे प्रमाणिकता के साथ रखा गया है।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा के प्रत्याशी ब्रह्मानंद नेताम के ऊपर कांग्रेस के द्वारा आरोप नहीं लगाया गया है। इस मामले में ब्रह्मानंद नेताम अपराधी है तथा इस तथ्य का खुलासा किया गया कि उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज है। यह प्रमाणित तथ्य है। विपक्ष के आरोप बताकर भाजपा अपराध की गंभीरता से भाग रही है।

भानुप्रतापपुर के भाजपा प्रत्याशी ब्रह्मानंद नेताम के ऊपर जमशेदपुर के थाना टेल्को में प्राथमिकी बुक पन्ना क्रमांक 19138, प्राथमिकी क्रमांक 84/2019 धारा दिनांक 15.05.2019 धारा 366ए, 376, 376(3), 376 डी डी, 120 बी भादवि, 4,6 पॉक्सो एक्ट एवं 4,5,6,7,9 अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम दर्ज है। इस दुराचार में ब्रह्मानंद नेताम के साथ भाजपा नेता दीपांकर सिन्हा, नरेश सोनी भी था। ब्रम्हानंद नेताम सहित इन भाजपा नेताओं ने एक 15 साल की नाबालिग मासूम बच्ची के साथ गैंगरेप किया था। इस खुलासे के बाद ब्रह्मानंद नेताम के द्वारा कहा गया कि वे कभी जमशेदपुर गये ही नहीं है। इस मामले में उनके जमशेदपुर जाने या नहीं जाने से कुछ नहीं होता। ब्रम्हानंद नेताम ने पीड़िता के साथ जो दुराचार किया था वह रायपुर में किया था। नगर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सिंह भूमि जमशेदपुर के प्रतिवेदन दिनांक 30/8/19 के अनुसार पीड़िता को रवी (जो जेम्को में सोनारी कंपनी के क्वार्टर का निवासी था) तथा प्रतिमा जेम्को निवासी लेकर रायपुर आये, यहां पर करण नाम के व्यक्ति ने उसको अपने फ्लैट पर लेकर गया इसी फ्लैट में उसके साथ आठ लोगों ने बारी-बारी से संबंध बनाया। इन्हीं आठ लोगों में ब्रम्हानंद नेताम, दीपांकर सिन्हा भी थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार 15 साल की उक्त पीड़िता ने अपने साथ यौन संबंध बनाने वाले सभी लोगों के नंबर एक डायरी में लिख कर रखे थे। पीड़िता के द्वारा अदालत में धारा 164 के बयान में दिये बयान में ब्रम्हानंद नेताम का नाम लिया साथ ही मामला नाबालिक और पॉस्को एक्ट का था तो इसकी विवेचना नगर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सिंह भूमि, जमशेदपुर के द्वारा दी गयी पुलिस अधीक्षक की जांच में भी ब्रम्हानंद नेताम के ऊपर लगे आरोपों की पुष्टि हुई है। नगर पुलिस अधीक्षक के जांच प्रतिवेदन में 10वें क्रम ब्रम्हानंद नेताम थाना चारामा (छत्तीसगढ़) पूर्व विधायक भानुप्रतापपुर का नाम है। दीपांकर सिन्हा भाजयुमो का कांकेर का जिला कोषाध्यक्ष है। ब्रह्मानंद नेताम के ऊपर बलात्कार के आरोप लगने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने पत्रकार वार्ता लेकर उनका बचाव किया। उम्मीद थी कि भाजपा अपने प्रत्याशी दुराचार के लिये कुछ ठोस कार्यवाही करेगी।

शुक्ला ने आगे कहा कि दुर्भाग्यजनक है कि पूरी भाजपा एक मासूम के साथ दुराचार के आरोपी का बचाव कर रही कुतर्क कर रही। ब्रह्मानंद के खिलाफ जब एफ.आई.आर. दर्ज किया गया था तब 15.5.2019 को झारखंड में भाजपा की सरकार थी और भाजपा के नेता रघुवर दास मुख्यमंत्री थे। आरोपी भाजपा का पूर्व विधायक है प्रभावशाली नेता है इसलिये भाजपा ने अपने नेता को बचाने के लिये उस समय गिरफ्तारी नहीं किया जबकि पीड़िता के बयान के आधार पर उसके खिलाफ एफ.आई.आर. दर्ज हुआ था। भाजपा हमसे पूछती है हमने प्रकरण को पहले क्यों नहीं उठाया? हमारा भाजपा से सवाल है कि आपने बलात्कारी को टिकिट क्यों दिया?
क्या भाजपा बलात्कारी के पक्ष में वोट मांगेगी? भाजपा के नेता बलात्कारी पक्ष में सभा करेंगे। यही भाजपा का असली चरित्र है जो राजनैतिक फायदे के लिये किसी भी स्तर तक जा सकती है।

भाजपा प्रभारी ओम माथुर से पूछा सवाल

कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शुक्ला ने भाजपा के छत्तीसगढ़ प्रभारी ओम माथूर से सवाल किया कि छत्तीसगढ़ की जनता जानना चाहती है कि बलात्कारी प्रत्याशी के ऊपर भाजपा क्या कार्यवाही कर रही है? हमारा सवाल रमन सिंह से है हर मामले में ट्वीट करने वाले रमन सिंह क्यों चुप है? क्या उनका मौन अपराधी को समर्थन नहीं है ?
प्रेस वार्ता में प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा, प्रवक्ता वंदना राजपूत, मणी प्रकाश वैष्णव उपस्थित थे।