मुंबई। ईडी की चार्जशीट में यह भी दावा है कि सुकेश ने जैकलीन फर्नांडिस (Jacqueline Fernandez) के लिए श्रीलंका में घर खरीदा था। इसके अलावा जुहू में बंगला भी बुक किया जा चुका था। इतना ही नहीं बहरीन में वह जैकलीन के पैरेंट्स को एक घर गिफ्ट कर चुका था।
ईडी की चार्जशीट के मुताबिक, सुकेश चंद्रशेखर ने जैकलीन फर्नांडिस के लिए श्रीलंका में घर खरीदा था। इसके साथ-साथ जुहू में एक बंगले के लिए अडवांस पेमेंट भी की गई थी।ईडी के मुताबिक, सुकेश ने अपनी सहयोगी पिंकी ईरानी को इन प्रॉपर्टी की खरीद के बारे में बताया था। पिंकी ईरानी वह महिला थी जिसको यह काम दिया गया था कि वह सुकेश और जैकलीन की दोस्ती कराए। जिसके बदले पिंकी को भी करोड़ों रुपये दिए गए थे।
जैकलीन के पैरेंट्स को भी गिफ्ट किया था घर
ईडी की चार्जशीट के हिसाब से सुकेश ने पिंकी से कहा था कि वह जुहू बीच पर जैकलीन (Jacqueline Fernandez) के लिए घर खरीद रहा है, जिसका टोकन मनी दिया जा चुका है। यह भी बताया गया था कि उसने जैकलीन के पेरेंट्स को पहले ही बहरीन में एक घर गिफ्ट किया है। अब श्रीलंका में भी एक घर खरीदने की बातचीत चल रही है। फिलहाल ईडी यह छानबीन कर रही है कि सुकेश ने कोई प्रॉपर्टी खरीदी भी थी या फिर उसने ऐसे ही झूठ बोल दिया था।
जैकलीन ने भी मानी श्रीलंका वाले घर की बात
ईडी की चार्जशीट के मुताबिक, जब जैकलीन से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने माना कि सुकेश ने बताया था कि उसने श्रीलंका में एक घर खरीदा है। एक्ट्रैस ने उस प्रॉपर्टी को कभी देखा नहीं था। यह प्रॉपर्टी श्रीलंका के Weligama में बताई जाती है। Weligama श्रीलंका की मशहूर टूरिस्ट डेस्टिनेशन है। यह अपने सुंदर बीच के लिए पहचाना जाता है। चार्जशीट के मुताबिक, जैकलीन ने माना है कि सुकेश उनके और उनके परिवार-रिश्तेदारों के लिए कुछ और प्रॉपर्टी खरीदने की बातें करता था।
जैकलीन के वकील के दावे को ईडी ने माना गलत
इस केस में जैकलीन फर्नांडिस (Jacqueline Fernandez) अपने वकील की तरफ यह दावा करती रही हैं कि उनको सुकेश चंद्रशेखर की असली पहचान के बारे में नहीं पता था। वह सुकेश को शेखर के नाम से जानती थीं जो कि एक मशहूर राजनीतिक परिवार से है। ईडी का आरोप है कि एक महीने में ही जैकलीन को खबरों के जरिए इस बात की जानकारी हो गई थी वह सुकेश चंद्रशेखर है। बावजूद इसके वह महंगे तोहफे लेती रहीं। जैकलीन पर आरोप है कि सुकेश चंद्रशेखर ने उनको करीब 7 करोड़ रुपये की जूलरी गिफ्ट की।