spot_img

क्रिसमस : गिरजाघरों में देर रात जन्मे प्रभु यीशु, राज्यपाल और सीएम ने दी बधाई

HomeCHHATTISGARHक्रिसमस : गिरजाघरों में देर रात जन्मे प्रभु यीशु, राज्यपाल और सीएम...

 

रायपुर। क्रिसमस का पर्व प्रदेशभर में पूरे हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है। शुक्रवार रात को मध्य रात्रि प्रार्थना के बाद शनिवार को प्रदेश के विभिन्न चर्चे में ईसा मसीह का जन्मोत्सव मनाया गया।

इस दौरान राजधानी के सेंट जोसफ कैथेड्रल बैरनबाजार, सेंट पाल्स कैथेड्रल, सेंट मेरीस चर्च टाटीबंध, जान द बैपटिस्ट चर्च कापा, ग्रेस चर्च, सेंट मैथ्यूस चर्च, सेंट जेकब चर्च जोरा, सीएनआइ चर्च खड़वा, मारथोमा चर्च, कैथोलिक चर्च गुढ़ियारी, भनपुरी, सेंट टेरेसा चर्च अमलीडीह, द रायपुर क्रिश्चियन चर्च, द चर्च आफ गाड समेत चार दर्जन चर्चों को प्रभु ईसा मसीह के जन्मोत्सव के लिए विशेष रूप से सजाया था।

इधर राज्यपाल अनुसुईया उइके और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रभु यीशु के जन्मदिन क्रिसमस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

राज्यपाल ने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि प्रभु यीशु मसीह ने समाज को प्रेम, करूणा, क्षमा एवं समानता का संदेश दिया। उन्होंने गरीबों एवं जरूरतमंदों की सेवा करने एवं आपसी भाईचारे के साथ रहने की सीख दी। उइके ने कहा है कि प्रभु यीशु के संदेश हमेशा समाज के लिए प्रेरक एवं अनुकरणीय रहेंगे।

सूबे के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेशवासियों विशेषकर मसीही समुदाय के लोगों को क्रिसमस पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कामना की है कि प्रभु यीशु मसीह का जन्मदिन सबके जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए।

क्रिसमस पर जारी अपने बधाई संदेश में बघेल ने कहा है कि प्रभु यीशु ने सत्य, करूणा और प्रेम की शिक्षा दी और कमजोर और गरीबों की मदद के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सामाजिक समानता पर बल दिया और मानव जाति के कल्याण का मार्ग दिखाया। बघेल ने कहा कि यीशु के संदेश दीन-दुखियों की मदद और समाज के उत्थान के लिए अनुकरणीय हैं।