नई दिल्ली: पूर्व केंद्रीय मंत्री दिलीप गांधी का दिल्ली के एक अस्पताल में आज सुबह निधन हो गया। गांधी कोरोना वायरस से संक्रमित पाये गये थे और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। सूत्रों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता की हालत ज्यादा बिगड़ गई और इसके बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। गांधी के घर में पत्नी, दो बेटे और एक बेटी हैं।
69 वर्षीय भाजपा नेता 2003-2004 में अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में केंद्रीय मंत्री थे। वह अहमदनगर लोकसभा क्षेत्र से बीजेपी के पूर्व सांसद रह चुके हैं। शुरुआत में, उन्होंने एक नगरसेवक के रूप में अहमदनगर नगर निगम में अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की। बाद में वह नगर परिषद में भारतीय जनता पार्टी के नेता बने। 1985 में, वह अहमदनगर नगर निगम के उपाध्यक्ष बने। बीजेपी के अहमदनगर जिला संगठन में, उन्होंने महासचिव, संयुक्त सचिव और अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद संभाले हैं।