spot_img

मन की बात, पीएम ने पेरिस ओलिंपिक के लिए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं, मां के नाम का पौधा लगाने की दी सलाह

HomeNATIONALमन की बात, पीएम ने पेरिस ओलिंपिक के लिए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं...

दिल्ली। लोकसभा चुनाव में जीत के बाद आज पहली बार ‘मन की बात’ की। यह इस कार्यक्रम का 111वां एपिसोड था। कार्यक्रम की शुरुआत में PM ने कहा, ‘मैं चार महीने बाद आज फिर परिवारजन के बीच हूं।’

इस दौरान उन्होंने पेरिस ओलिंपिक में जाने वाले भारतीय दल को शुभकामनाएं दीं और कहा कि इस बार ओलिंपिक में कुछ चीजें पहली बार देखने मिलेंगी। खिलाड़ी भी अलग लेवल का रोमांच दिखाएंगे।

पीएम मोदी ने इनके अलावा लोकसभा चुनाव, हूल दिवस, रथयात्रा-अमरनाथ यात्रा, कुवैत रेडियो के हिंदी शो, अरकू कॉफी-स्नो पीस, पर्यावरण दिवस-योग दिवस के साथ केरल के कार्थुम्बी छाते पर भी चर्चा की।

मोदी ने मन की बात में इन मुद्दों पर चर्चा की

लोकसभा चुनाव पर : मैं देशवासियों को धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने हमारे संविधान और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं पर अपना अटूट विश्वास दोहराया है। 2024 का चुनाव, दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव था।दुनिया के किसी भी देश में इतना बड़ा चुनाव कभी नहीं हुआ, जिसमें, 65 करोड़ लोगों ने वोट डाले हैं। मैं चुनाव आयोग और मतदान की प्रक्रिया से जुड़े हर व्यक्ति को इसके लिए बधाई देता हूं।

हूल दिवस पर : आज 30 जून का ये दिन बहुत ही महत्वपूर्ण है। इस दिन को हमारे आदिवासी भाई-बहन ‘हूल दिवस’ के रूप में मनाते हैं। यह दिन वीर सिद्धो-कान्हू के अदम्य साहस से जुड़ा है, जिन्होंने विदेशी शासकों के अत्याचार का पुरजोर विरोध किया था। वीर सिद्धो-कान्हू ने हजारों संथाली साथियों को एकजुट करके अंग्रेजों से 1855 में विदेशी शासकों के खिलाफ हथियार उठा लिया था।

पेरिस ओलिंपिक पर : अगले महीने इसी समय तक पेरिस ओलिंपिक शुरू हो जाएंगे। मैं भारतीय दल को शुभकामनाएं देता हूं। इस बार हमारा हैशटैग #Cheer4Bharat है। इसके जरिए हमें अपने खिलाड़ियों को चीयर करना है। टोक्यो की यादें अब तक ताजा हैं। तभी से हमारे खिलाड़ी तैयारियों में जुटे थे। 900 प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया है। इस बार कुछ चीजें पहली बार देखने मिलेंगी।

पर्यावरण दिवस पर : विश्व पर्यावरण दिवस पर एक विशेष अभियान शुरू किया है, इस का नाम है- एक पेड़ मां के नाम। मैंने भी एक पेड़ अपनी मां के नाम लगाया है। पिछले एक दशक में भारत में सबके प्रयासों से वन क्षेत्र का विस्तार हुआ है। अमृत महोत्सव के दौरान, देशभर में 60 हजार से ज्यादा अमृत सरोवर भी बनाए गए हैं। अब हमें ऐसे ही मां के नाम पर पेड़ लगाने के अभियान को गति देनी है।

11 विदेशी भाषाओं में भी होता है मन की बात का ब्रॉडकॉस्ट

मन की बात को 22 भारतीय भाषाओं और 29 बोलियों के अलावा 11 विदेशी भाषाओं में भी ब्रॉडकॉस्ट किया जाता है। इनमें फ्रेंच, चीनी, इंडोनेशियाई, तिब्बती, बर्मी, बलूची, अरबी, पश्तू, फारसी, दारी और स्वाहिली शामिल हैं। मन की बात की ब्रॉडकास्टिंग आकाशवाणी के 500 से अधिक ब्रॉडकास्टिंग सेंटर द्वारा किया जाता है।

2014 में पहला मन की बात एपिसोड प्रसारित हुआ था

मन की बात का पहला एपिसोड 3 अक्‍टूबर 2014 को प्रसारित हुआ था। पहले एपिसोड की टाइम लिमिट 14 मिनट थी। जून 2015 में इसे बढ़ाकर 30 मिनट कर दिया गया था। 30 अप्रैल 2023 को मन की बात का 100वां एपिसोड प्रसारित किया गया था। मन की बात कार्यक्रम का प्रसारण 23 भाषाओं और 29 बोलियों में होता है। फ्रेंच, पश्‍तो, चाइनीज समेत इसका ब्रॉडकास्‍ट 11 विदेशी भाषाओं में भी किया जाता है।