spot_img

CM हाउस के पास वाले घर में आग, 5 दिन पहले CM के काफिले पर हुआ था हमला

HomeNATIONALCM हाउस के पास वाले घर में आग, 5 दिन पहले CM...

इम्फाल। मणिपुर के इम्फाल में मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के सरकारी आवास के करीब एक खाली मकान में शनिवार (15 जून) रात आग लग गई। यह मकान राज्य सचिवालय परिसर से लगा हुआ है।

एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग की घटना के बाद सीएम हाउस में सुरक्षा बढ़ा दी गई। हालांकि, CM हाउस को कोई नुकसान नहीं हुआ। आग का कारण पता नहीं चल पाया है। यह मकान गोवा के पूर्व मुख्य सचिव (सीएस) टी. किपगेन के परिवार का है। मणिपुर में हिंसा भड़कने के बाद से उनके परिजन यह घर खाली करके कुकी बहुल इलाके में चले गए थे।

यह इमारत कुकी जनजातियों के सिविल सोसाइटी ग्रुप कुकी इंपी के कार्यालय वाले परिसर में है। घटना ऐसे समय में हुई जिरीबाम जिले में हिंसा भड़की हुई है। जिरिबाम में ही 5 दिन पहले उग्रवादियों ने CM के सुरक्षा काफिले पर हमला किया था। काफिले पर उग्रवादियों ने गोलीबारी की थी, जिसमें ड्राइवर समेत दो सुरक्षाकर्मी घायल हुए थे।
हमले के वक्त सीएम काफिले में नहीं थे। पिछले साल मई में कुकी-मैतई समुदाय के बीच संघर्ष होने के बाद से मणिपुर लगातार हिंसा की चपेट में है। इसमें 219 से अधिक लोग मारे गए हैं।